Ranchi News: दो दिनों से राजधानी रांची में तेज बारिश हो रही है. इसकी वजह से कई इलाकों में जलजमाव की समस्या उत्पन्न हो गई है. नगर निगम ने जलजमाव की सूचना के बाद निगम ने क्विक रिस्पांस टीम को एक्टिव कर दिया है. इसके बाद करीब 1200 सफाई मित्रों को मैदान में उतारा गया.
रांची की खबरों के लिए यहां क्लिक करें
सफाई मित्रों की टोली संवेदनशील इलाकों में पहुंचकर नालियों की सफाई और पानी की निकासी का काम कर रहे हैं. इनमें बारियातू हाउसिंग कॉलोनी, प्रगति विहार, साकेत नगर, द्वारकापुरी, सेवा सदन, बहूबाजार, दीपाटोली, पंचशील नगर, अलगोड़ा, बड़ा घाघरा और एचबी रोड स्थित काली टावर शामिल हैं. इसके अलावा कई इलाकों में भी निगम की टीमों ने जलजमाव वाले क्षेत्रों पर पहुंचकर स्थिति संभाली.
इसे भी पढ़ें:
जल निकासी में आ रही परेशानी को देखते हुए निगम ने चार जेसीबी मशीनें लगाई. बड़े नालों की सफाई के साथ जरूरत वाले स्थानों से स्लैब हटाया. इसके बाद पानी के बहाव का रास्ता साफ किया गया.
साकेत नगर और पंचशील नगर में जमा पानी निकालने के लिए दो सुपर सकर मशीनें लगाई गईं. इसके अलावा काली टावर, तुपुदाना, पंडरा और पंचशील नगर समेत अन्य इलाकों में मोटर पंप के जरिए पानी निकाला गया.
निगम की क्विक रिस्पांस टीम और सफाई मित्रों ने विभिन्न वार्डों में नालियों की सफाई कर जल निकासी व्यवस्था को सुचारू करने का प्रयास किया. निगम की ओर से बारिश को देखते हुए संवेदनशील इलाकों में लगातार निगरानी की जा रही है.
नगर निगम ने कहा है कि किसी भी इलाके से जलजमाव की सूचना मिलने पर क्विक रिस्पांस टीम को तत्काल मौके पर भेजकर कार्रवाई की जाएगी.
निगम ने शहरवासियों से नालियों में प्लास्टिक और कचरा नहीं डालने की अपील की है. निगम ने बताया कि नालियों में कचरा जमा होने से पानी की निकासी प्रभावित होती है. बारिश के दौरान जलजमाव की समस्या बढ़ जाती है. जलजमाव या जल निकासी से जुड़ी शिकायत के लिए निगम की हेल्पलाइन 18005701235 पर संपर्क किया जा सकता है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

