Bokaro News: बोकारो के होटल वेस्टइन में पहली पत्नी के रहते दूसरी शादी करने पहुंचे एक व्यक्ति की शादी पुलिस ने रुकवा दी. पति की दूसरी शादी की जानकारी मिलने पर पहली पत्नी मुस्कान कुमारी ने बीएस सिटी थाना पुलिस से गुहार लगाई थी. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शादी रुकवा दी.
दरअसल, पटना के संपतचक निवासी मुस्कान कुमारी की शादी वर्ष 2023 में निवास कुमार वर्मा के साथ हुई थी. मुस्कान का आरोप है कि शादी के बाद से ही दहेज के लिए उसके साथ मारपीट की जाने लगी और उसे घर से निकाल दिया गया. इस मामले को लेकर कोर्ट केस भी चल रहा है. मुस्कान के मुताबिक, आठ मई 2026 में पति की दूसरी सगाई की जानकारी मिलने पर जब वह ससुराल पहुंची तो उसके साथ फिर मारपीट की गई, जिसकी शिकायत थाने में दर्ज कराई गई.
इसे भी पढ़ें:
इसी बीच मुस्कान को जानकारी मिली कि उसका पति बोकारो के होटल वेस्टइन में 25 नवंबर की रात दूसरी शादी करने जा रहा है. इसके बाद उसने बीएस सिटी पुलिस को आवेदन देकर शादी रुकवाने की मांग की. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शादी रुकवा दी.
हालांकि, मुस्कान के माता-पिता सीमा वर्मा और योगेंद्र कुमार ने पुलिस की कार्रवाई पर असंतोष जताया है. उनका आरोप है कि थाना प्रभारी ने अपेक्षित सहयोग नहीं किया. यहां तक कि आरोपी को गिरफ्तार करने के बजाय मौके से निकलने दिया गया. परिजनों का कहना है कि थाने में आवेदन देने में भी परेशानी हुई.
वहीं, डीएसपी सिटी राजीव रंजन ने बताया कि डायल 112 के माध्यम से सूचना मिली थी. पुलिस ने जांच के दौरान लड़की पक्ष को बताया कि लड़का पहले से शादीशुदा है और उसके खिलाफ पटना के गौरीचक थाना में दहेज उत्पीड़न का मामला दर्ज है. इसके बाद लड़की पक्ष ने शादी करने से इनकार कर दिया.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

