- सोशल मीडिया पर पोस्ट कर ली जिम्मेवारी
- कंपनी ने लेवी की मांग से किया इनकार
Gumla News: सदर थाना क्षेत्र के खटवा नदी के समीप भारतमाला परियोजना के तहत बन रहे ब्रिज निर्माण स्थल पर शनिवार की देर शाम करीब सात बजे अज्ञात अपराधियों ने गोलीबारी कर दी. इस घटना में निर्माण कार्य में लगे उत्तर प्रदेश के सहारनपुर निवासी मोहम्मद सलीम घायल हो गए. गोली उनकी जांघ को छूते हुए निकल गई. घटना के बाद उन्हें आनन-फानन में गुमला सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई.
इसे भी पढ़ें:
जानकारी के अनुसार, शनिवार की देर शाम निर्माण स्थल पर काम चल रहा था. इसी दौरान तीन नकाबपोश हथियारबंद अपराधी वहां पहुंचे और मोहम्मद सलीम को निशाना बनाकर गोली चला दी. इसके बाद अपराधियों ने दहशत फैलाने के उद्देश्य से हवाई फायरिंग भी की और निर्माण कार्य बंद करने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए. अचानक हुई गोलीबारी से निर्माण स्थल पर अफरा-तफरी मच गई. घटना के बाद आसपास के इलाके में भय का माहौल है.
घटना के बाद सोशल मीडिया पर एक गिरोह की ओर से जिम्मेदारी लेने का दावा करते हुए पत्र पोस्ट किए जाने की जानकारी सामने आई है. इसमें निर्माण कार्य बंद नहीं करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी गई है. हालांकि, घटना के पीछे वास्तविक कारण क्या है, यह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो पाया है. पुलिस की जांच के बाद ही धमकी देने वालों और गोलीबारी के पीछे की मंशा के संबंध में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.
घटना के संबंध में निर्माण कार्य करा रही शिवालय कंस्ट्रक्शन के पदाधिकारी जीपी शुक्ला से दूरभाष पर बातचीत की गई. उन्होंने अपने कर्मी के घायल होने की पुष्टि करते हुए बताया कि अब तक उनसे लेवी या किसी अन्य तरह की मांग को लेकर संपर्क नहीं किया गया है. उन्होंने आशंका जताई कि निर्माण स्थल पर भय का माहौल पैदा करने के उद्देश्य से अपराधियों ने इस घटना को अंजाम दिया होगा.
वहीं, भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के परियोजना निदेशक एसके गौतम ने भी निर्माण स्थल पर अज्ञात लोगों द्वारा फायरिंग किए जाने की बात कही. उन्होंने बताया कि अब तक लेवी या किसी अन्य तरह की मांग सामने नहीं आई है.
निर्माण स्थल पर हुई इस घटना से भारतमाला परियोजना के कार्य की सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे हैं. अपराधियों की पहचान, गोलीबारी के कारण और सोशल मीडिया पर धमकी देने वाले गिरोह की भूमिका को लेकर पुलिस की जांच महत्वपूर्ण होगी.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

