Search

 
 
 

National News: अलीगंज के कोचिंग सेंटर में लगी भीषण आग, 15 की मौत

लखनऊ के अलीगंज के एक कोचिंग सेंटर में सोमवार दोपहर भीषण आग लग गई. घटना के वक्त कोचिंग संस्थान के अंदर 30 से ज्यादा बच्चे मौजूद थे.
 

Lucknow: लखनऊ के अलीगंज में एक कोचिंग सेंटर में सोमवार दोपहर भीषण आग लग गई. घटना के वक्त कोचिंग संस्थान के अंदर 30 से ज्यादा बच्चे मौजूद थे. आग इतनी भीषण थी कि बच्चे जान बचाने के लिए दूसरी मंजिल से नीचे छलांग लगाने लगे. बच्चों के साथ कई लोग भी आग से झुलस गए हैं, उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है. घटना की सूचना पर फायर ब्रिगेड की 14 गाड़ियां मौके पर पहुंची. कड़ी मशक्कत के बाद टीम ने आग पर काबू पाया. इस हादसे में अबतक 15 लोगों की मौत हो गयी है. इनमें तीन लड़कियां हैं. मृतकों की उम्र 20 से 30 के बीच बताई जा रही हैं. 

 

जानकारी के मुताबिक अलीगंज क्षेत्र के पुरनिया में कोचिंग सेंटर पेंट शॉप के ऊपर तल्ले पर स्थित है. आग सबसे पहले कॉम्पलेक्स के तीसरी मंजिल पर लगी. देखते ही देखते आग फैल गई और कोचिंग संस्थान को चपेट में ले लिया. आग लगते ही अफरातफरी मच गयी. जान बचाने के लिए बच्चे इधर-उधर भागने लगे. बच्चों को जब कोई रास्ता नहीं दिखा तो उन्होंने बिल्डिंग से लगे तार के सहारे दूसरी मंजिल से छलांग लगाने लगे. इस हादसे में 15 लोगों की मौत हो गयी. इनमें ज्यादातर स्टूडेंट्स हैं.

 

डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कहा कि इस घटना में 15 बच्चों की मौत हो गई है और चार घायल बच्चों को KGMC ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है. घटना की उच्च-स्तरीय जांच के आदेश दे दिए गए हैं. मुख्यमंत्री अलीगढ़ में अपने सभी तय कार्यक्रम रद्द करके घटनास्थल पर पहुंच रहे हैं. हमारी प्राथमिकता घायलों को बेहतर से बेहतर इलाज मुहैया कराना है. घटना कैसे और क्यों हुई, इसका पता जांच रिपोर्ट आने के बाद ही चलेगा. अधिकारियों ने घटनास्थल पर तलाशी अभियान पूरा कर लिया है और पुष्टि की है कि अब कोई बच्चा वहां फंसा नहीं है. घटना के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ बिना किसी नरमी के सख्त कार्रवाई की जाएगी. सरकार ने पीड़ित परिवारों को पूरा समर्थन देने की बात दोहराई है और कहा है कि उन्हें हर संभव मदद दी जाएगी.

 

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री ने अलीगंज कोचिंग सेंटर में आग लगने की घटना में जान गंवाने वाले लोगों के परिवारों को 5-5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की. घायलों के लिए 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता की घोषणा की गई.

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही