Ranchi : नगर निकाय चुनाव को लेकर शहर में सियासी सरगर्मी तेज हो गई है. मेयर और वार्ड पार्षद पद के प्रत्याशी अपने-अपने एजेंडे के साथ जनता के बीच पहुंच रहे हैं.
इसी कड़ी में मेयर प्रत्याशी सुमन कांत तिग्गा ने शहर के विकास, भ्रष्टाचार और मूलभूत सुविधाओं को लेकर अपनी योजनाएं साझा कीं. लगातार डॉट इन के संवाददाता से हुई खास बातचीत में मेयर प्रत्याशी ने अपने प्रमुख एजेंडे साझा किए.
सवाल : मेयर के लिए जनता आपको क्यों चुनेगी.
जवाब : बचपन से ही उनका सामाजिक कार्यों से जुड़ाव रहा है. उन्होंने सेना में नौकरी कर देश सेवा का अनुभव भी प्राप्त किया है. इसी भावना से वे चुनाव मैदान में उतरे हैं. उन्होंने कहा कि शहर की कई छोटी-छोटी समस्याएं वर्षों से लंबित हैं, जिनका समय पर समाधान नहीं हो पाया. वे बिना किसी दबाव के जनता की समस्याओं का समाधान करने के लिए काम करेंगे. साथ ही, कम समय और लंबी अवधि में पूरे होने वाले कार्यों को अलग-अलग कर प्राथमिकता तय की जाएगी.
सवाल : अगर आप चुनकर आते हैं तो शहर के विकास को लेकर आपकी क्या रणनीति होगी?
जवाब : शहर के विकास के लिए व्यवस्थित (सिस्टमेटिक) तरीके से काम किया जाएगा. पेयजल व्यवस्था, सड़क निर्माण और स्मार्ट सिटी योजनाओं को मजबूत कर शहर के भविष्य को बेहतर बनाने पर जोर रहेगा.
सवाल : मेयर बनने के बाद पहले 100 दिनों की आपकी प्राथमिकताएं क्या होंगी?
जवाब : जीतने के बाद नगर निगम के सभी कर्मचारियों के साथ बैठक की जाएगी. कर्मियों और पदाधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर कार्य प्रणाली को मजबूत बनाया जाएगा. साथ ही, सड़कों की नियमित मरम्मत कराई जाएगी और विशेष रूप से बरसात से पहले सड़कों को दुरुस्त करने की योजना लागू की जाएगी.
सवाल : शहर में मूलभूत सुविधाओं, खासकर पानी की समस्या से कैसे निपटेंगे?
जवाब : पानी शहर की लाइफलाइन है. जल ही जीवन है, इसके बिना जीवन की कल्पना नहीं की जा सकती. इसके लिए शहर के तालाबों और जलाशयों की डिसिल्टिंग कराई जाएगी. जिन जल स्रोतों पर अवैध कब्जा है, उन्हें नक्शे के आधार पर चिन्हित कर हटाया जाएगा और जल संरक्षण को प्राथमिकता दी जाएगी.
सवाल : नगर निकाय में भ्रष्टाचार के आरोप लगते रहे हैं, इसे कैसे खत्म करेंगे?
जवाब : भ्रष्टाचार की पहचान कर पारदर्शिता बढ़ाने की दिशा में काम किया जाएगा. जनता की भागीदारी बढ़ाई जाएगी, ताकि जवाबदेही तय हो सके. इसके लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किए जाएंगे और लोगों की सुविधा के लिए समाधान केंद्र भी स्थापित किए जाएंगे.
सवाल : नगर निगम की योजनाओं का लाभ आम लोगों तक कैसे पहुंचाएंगे?
जवाब : जनता और नगर निगम के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया जाएगा, ताकि योजनाओं का लाभ सीधे जरूरतमंद लोगों तक पहुंचे और समस्याओं का त्वरित समाधान हो सके. उन्होंने विश्वास जताया कि जनता का समर्थन मिला तो शहर के समग्र विकास और पारदर्शी प्रशासन की दिशा में ठोस पहल की जाएगी.
अंत में सुमन कांत तिग्गा ने जनता से क्रमांक संख्या 9 (बाल्टी छाप) पर मुहर लगाकर उन्हें विजयी बनाने की अपील की.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें




Leave a Comment