Ranchi: रांची नगर निगम से मेयर पद की दावेदार रमा खलखो के पास कुल 1.59 करोड़ की संपत्ति है. उनकी उम्र 55 साल और शैक्षणिक योग्यता स्नातक है. उनके खिलाफ भ्रष्टाचार का एक मामला न्यायालय में विचाराधीन है. रमा खलखो ने नामांकन के समय दाखिल किये गये शपथ में इन तथ्यों का उल्लेख किया है.
शपथ पत्र के अनुसार, रमा खलखो की आमदनी उनके पति नारायण उरांव से ज्यादा है. रमा खलखो ने 2024-25 के आयकर रिटर्न में अपनी आमदनी 6.08 लाख रुपये बतायी है. इसी अवधि में उनके पति ने 6.06 लाख रुपये की आय से संबंधित रिटर्न दाखिल किया है.
शपथ पत्र के अनुसार, रमा खलखो पर लालपुर थाने में एक प्राथमिकी 92/ 2013 दर्ज हुई थी. इसमें नगर निगम अधिनियम के अलावा भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत आरोप लगाये गये थे. जांच के बाद आरोप पत्र दायर किया जा चुका है. निगरानी के विशेष न्यायाधीश की अदालत द्वारा मामले में आरोप गठित किया जा चुका है. मामला फिलहाल विचाराधीन है. एक दूसरे मामले में प्रथम श्रेणी के न्यायिक दंडाधिकारी की अदालत से दो साल की सजा सुनायी गयी थी. सजा के खिलाफ अपील में उन्हें बरी किया जा चुका है.
रमा खलखो के पास अपने नाम पर कुल 1.05 करोड़ रुपये की संपत्ति है. इसमें से 15.18 लाख रुपये की चल संपत्ति और 90.82 लाख रुपये अचल संपत्ति है. उन्हें यह अचल संपत्ति उनके पति ने उपहार के तौर पर दी है. उनके पति के पास 1.62 लाख रुपये चल संपत्ति और 49.40 लाख रुपये की अचल संपत्ति है. आश्रित के पास कुल 2.61 लाख की चल संपत्ति है. रमा खलखो पर वित्तीय संस्थानों का 26 लाख रुपये कर्ज है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.



Leave a Comment