Search

 
 
 

झारखंड में मांस प्रसंस्करण क्षेत्र को मिलेगा बढ़ावा, ICAR-NMRI के साथ हुआ समझौता

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की उपस्थिति में गुरुवार को झारखंड विधानसभा स्थित मुख्यमंत्री कक्ष में भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद–राष्ट्रीय मांस और पॉल्ट्री अनुसंधान संस्थान (ICAR-NMRI), हैदराबाद और पशुपालन निदेशालय, कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता विभाग, झारखंड सरकार के बीच समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए.
 

Ranchi: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की उपस्थिति में गुरुवार को झारखंड विधानसभा स्थित मुख्यमंत्री कक्ष में भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद–राष्ट्रीय मांस और पॉल्ट्री अनुसंधान संस्थान (ICAR-NMRI), हैदराबाद और पशुपालन निदेशालय, कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता विभाग, झारखंड सरकार के बीच समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए. यह समझौता रांची स्थित बेकन फैक्ट्री के पुनरुद्धार और झारखंड में मांस प्रसंस्करण क्षेत्र के व्यापक विकास के लिए परामर्श सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से किया गया है.

 

इस अवसर पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि यह एमओयू राज्य सरकार द्वारा संचालित पशुपालन से जुड़ी विभिन्न योजनाओं को मजबूत करने और पशुधन क्षेत्र में मूल्यवर्धन को बढ़ावा देने की दिशा में एक सकारात्मक पहल है. उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है.

 

कार्यक्रम में ICAR-NMRI के प्रधान वैज्ञानिक डॉ. एम. मुथुकुमार ने कहा कि यह सहयोग झारखंड के मीट क्षेत्र में आधुनिक प्रसंस्करण प्रौद्योगिकी और वैज्ञानिक पद्धतियों को लागू करने का महत्वपूर्ण अवसर है. अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को बताया कि रांची की बेकन फैक्ट्री का पुनरुद्धार राज्य में मांस प्रसंस्करण क्षेत्र के विकास के लिए उत्प्रेरक की तरह काम करेगा, जिससे किसानों, उद्यमियों और उपभोक्ताओं को लाभ मिलेगा.

 

एमओयू के तहत रांची की बेकन फैक्ट्री के आधुनिकीकरण और पुनरुद्धार के लिए तकनीकी विशेषज्ञता उपलब्ध कराई जाएगी. इसके साथ ही राज्य में मांस प्रसंस्करण से जुड़ी बुनियादी ढांचा विकसित करने, अंतरराष्ट्रीय गुणवत्ता मानकों को लागू करने, स्थानीय उद्यमियों और श्रमिकों के लिए क्षमता निर्माण तथा मांस प्रसंस्करण से जुड़े तकनीकी कोर्स के लिए प्रशिक्षण केंद्र की संभावना पर भी काम किया जाएगा. साथ ही पूरे राज्य में वैज्ञानिक पशुपालन प्रथाओं को बढ़ावा देने की दिशा में पहल की जाएगी.

 

इस मौके पर कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की, मुख्य सचिव अविनाश कुमार, कृषि सचिव अबू बकर सिद्दीकी, निदेशक पशुपालन आदित्य कुमार आनंद सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे.

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

 

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही