Search

 
 
 

मेदिनीनगर: मेयर पद के लिए कुल 13 उम्मीदवारों ने दाखिल किया नामांकन

निकाय चुनाव में नामांकन के अंतिम दिन बुधवार को मेदिनीनगर नगर निगम के महापौर पद के लिए 5 उम्मीदवारों ने अपने नामांकन पत्र निर्वाची पदाधिकारी सह अपर समाहर्ता कुंदन कुमार के समक्ष दाखिल किया. इसके साथ ही मेयर पद के लिए कुल 13 उम्मीदवार चुनावी मैदान में है.
 

Medininagar: निकाय चुनाव में नामांकन के अंतिम दिन बुधवार को मेदिनीनगर नगर निगम के महापौर पद के लिए 5 उम्मीदवारों ने अपने नामांकन पत्र निर्वाची पदाधिकारी सह अपर समाहर्ता कुंदन कुमार के समक्ष दाखिल किया. इसके साथ ही मेयर पद के लिए कुल 13 उम्मीदवार चुनावी मैदान में है.

 

जानकारी के अनुसार कुल 18 उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र की खरीददारी की थी. जिनमें से पांच उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल नहीं किया. बुधवार को जिन पांच उम्मीदवारों ने महापौर पद के लिए नामांकन दाखिल किया. उनमें डॉ. श्वेता विकास, मेघाश्री राम कुमार सिंह, जयश्री गुप्ता, रिजवाना खातून और शीला कुमारी शामिल हैं.

 

नामांकन से पूर्व सभी मेयर प्रत्याशियों ने शहर के अलग-अलग स्थानों पर जनसभा की. इस दौरान नगर निगम की कार्यप्रणाली और व्यवस्थाओं पर सवाल उठाए गए तथा पूर्व मेयर अरुणा शंकर पर जमकर निशाना साधा गया. प्रत्याशियों ने अपनी प्राथमिकताएं गिनाते हुए जनता से उन्हें अवसर देने की अपील की.

 

जनसभा के उपरांत सभी उम्मीदवार अपने समर्थकों और प्रस्तावकों के साथ जुलूस की शक्ल में समाहरणालय पहुंचे और निर्धारित समयावधि में नामांकन दाखिल किया. नामांकन को लेकर समाहरणालय परिसर में सुरक्षा समेत अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं की गई थीं. सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक परिसर में भारी भीड़ देखने को मिली.

 

अंतिम दिन 50 पार्षद उम्मीदवारों ने भरा पर्चा 

वहीं, वार्ड पार्षद पद के लिए अंतिम दिन 50 नामांकन दाखिल किए गए. इसके साथ ही वार्ड पार्षद पद के लिए कुल 194 उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र भरा है. सदर प्रखंड कार्यालय परिसर में वार्ड संख्या 1 से 35 तक के उम्मीदवारों ने अपने-अपने नामांकन दाखिल किए. नामांकन अवधि के दौरान प्रखंड कार्यालय परिसर में मेला जैसा माहौल नजर आया.

 

अलग-अलग क्षेत्रों से जुलूस निकालकर वार्ड पार्षद पद के उम्मीदवार सदर प्रखंड कार्यालय पहुंचे. उम्मीदवार अपने समर्थकों और प्रस्तावकों के साथ फूल-मालाओं से लदे नजर आए. ढोल-नगाड़ों की आवाज और नारेबाजी से पूरा परिसर गूंजता रहा.

 

सदर प्रखंड कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार वार्ड-1 से 8, वार्ड-3 से 4, वार्ड-4 से 2, वार्ड-6 से 1, वार्ड-7 से 1, वार्ड-9 से 2, वार्ड-11 से 4, वार्ड-12 से 5, वार्ड-13 से 2, वार्ड-18 से 2, वार्ड-19 से 3, वार्ड-20 से 2, वार्ड-21 से 1, वार्ड-22 से 2, वार्ड-24 से 2, वार्ड-27 से 1, वार्ड-28 से 1, वार्ड-30 से 1, वार्ड-31 से 1, वार्ड-33 से 2 और वार्ड-35 से 3 नामांकन दाखिल किए गए. बता दें कि नामांकन पत्रों की स्क्रूटनी गुरुवार को सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक की जाएगी.

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही