Jamtara News: मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) को लेकर जिला प्रशासन ने एक और महत्वपूर्ण पहल की है. आगामी 10 अक्टूबर को जिला के सभी मतदान केंद्रों पर मेगा हेल्प डेस्क कैंप आयोजित किया जाएगा. कैंप के माध्यम से SIR के तहत लंबित प्रपत्रों के निष्पादन, मतदाता सूची में नाम जोड़ने, सुधार और अन्य मतदाता संबंधी मामलों का समाधान किया जाएगा.
जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त आलोक कुमार के निर्देश पर आयोजित इस विशेष अभियान में पात्र नागरिकों को मतदाता सूची से संबंधित जरूरी प्रक्रियाओं में सहायता उपलब्ध कराई जाएगी. प्रशासन का उद्देश्य है कि SIR प्रक्रिया के दौरान कोई भी पात्र मतदाता अपने मताधिकार से वंचित न रहे.
BLO और BLA-2 की चौथी बैठक भी होगी
मेगा हेल्प डेस्क कैंप के दौरान सभी मतदान केंद्रों पर BLO एवं BLA-2 की चौथी बैठक के साथ चौथे चुनाव पाठशाला का भी आयोजन किया जाएगा. इस दौरान मतदाता सूची से जुड़े विभिन्न मामलों की समीक्षा और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी.
इसे भी पढ़ें -
नो मैपिंग और एनोमली वाले मतदाताओं को मिलेगा मार्गदर्शन
SIR-2026 के दौरान नो मैपिंग अथवा एनोमली के कारण नोटिस प्राप्त करने वाले पात्र भारतीय मतदाताओं को आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराने और दस्तावेजों के सत्यापन की प्रक्रिया पूरी कराने में मार्गदर्शन दिया जाएगा. ऐसे मतदाताओं को चिन्हित कर उनकी समस्याओं के समाधान की दिशा में कार्रवाई की जाएगी.
नए मतदाताओं से भराया जाएगा प्रपत्र-6
कैंप में 18 वर्ष या उससे अधिक आयु के ऐसे युवाओं को भी चिन्हित किया जाएगा, जो अब तक मतदाता के रूप में पंजीकृत नहीं हैं अथवा जिन्होंने प्रपत्र-6 जमा नहीं किया है. उनसे प्रपत्र-6 भरवाकर मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने की प्रक्रिया सुनिश्चित की जाएगी. इसके अलावा ऐसे प्रवासी मतदाताओं को भी चिन्हित किया जाएगा, जिनका नाम SIR-2026 की ड्राफ्ट मतदाता सूची में शामिल नहीं हो सका है और जिन्होंने अभी तक प्रपत्र-6 दाखिल नहीं किया है.
त्रुटिपूर्ण नामों में सुधार के लिए प्रपत्र-8
वर्ष 2026 की मतदाता सूची में त्रुटियों के कारण नोटिस प्राप्त करने वाले और अब तक प्रपत्र-8 जमा नहीं करने वाले मतदाताओं से प्रपत्र-8 प्राप्त कर आवश्यक सुधार की कार्रवाई की जाएगी. वहीं ऐसे मतदाताओं की अलग सूची भी तैयार की जाएगी, जिनके नाम, जन्मस्थान अथवा माता-पिता के भारत में जन्मस्थान से संबंधित जरूरी जानकारी या दस्तावेज उपलब्ध नहीं हैं.
बूथवार होगी कार्रवाई की निगरानी
उपायुक्त आलोक कुमार ने सभी निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों, सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों, BLO पर्यवेक्षकों, BLO और अन्य संबंधित अधिकारियों को मेगा हेल्प डेस्क कैंप को प्रभावी और परिणामोन्मुख बनाने का निर्देश दिया है.
कैंप में प्राप्त आवेदनों और चिन्हित मतदाताओं के मामलों में की गई कार्रवाई का विधानसभा क्षेत्रवार और मतदान केंद्रवार संधारण एवं अनुश्रवण किया जाएगा. उपायुक्त ने अभियान के सभी बिंदुओं का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने और पात्र मतदाताओं को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है.
उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन का लक्ष्य SIR प्रक्रिया के दौरान किसी भी पात्र मतदाता को उसके मताधिकार से वंचित नहीं होने देना और मतदाता सूची को सटीक, अद्यतन और त्रुटिरहित बनाना है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

