Search

 
 
 

Dhanbad News: आटा मिल कर्मी की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या

जिले के गोंदुडीह ओपी क्षेत्र में दिनदहाड़े मिल मालिक के मुंशी को गोली मार दी गई.
 

Dhanbad: धनबाद में दिनदहाड़े आटा मिल कर्मी की गोली मारकर हत्या कर दी गयी. घटना जिले के गोंदूडीह ओपी क्षेत्र की है. मृतक की पहचान झरिया थाना क्षेत्र के बस्ताकोला निवासी 45 वर्षीय उमेश यादव के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार उमेश यादव गोधर स्थित एक आटा मिल में पिछले सात-आठ वर्षों से कार्यरत थे. 

 

रविवार सुबह करीब 11 बजे वे ग्राहकों से कलेक्शन के लिए निकले थे. ग्राहकों से पैसे लेकर बाइक से मिल लौटने के दौरान खेरकाबाद स्थित 7 नंबर हिलटॉप आउटसोर्सिंग के पास पहले से घात लगाए बाइक सवार अपराधियों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी. गोली लगते ही उमेश यादव सड़क पर गिर पड़े और उनकी मौके पर ही मौत हो गई.

 

घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय लोगों की सूचना पर गोंदूडीह ओपी, भूली ओपी और केंदुआडीह थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लेकर जांच पड़ताल में जुट गई.

 

घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंचे. मृतक के भाई राजेश यादव ने आशंका जताई कि हत्या के पीछे पुरानी रंजिश या लूट की मंशा हो सकती है. हालांकि उन्होंने कहा कि वास्तविक कारण का पता पुलिस जांच के बाद ही चल सकेगा.

 

आटा मिल के मालिक रतन अग्रवाल ने बताया कि उमेश यादव उनके यहां पिछले 7-8 वर्षों से कार्यरत थे और कलेक्शन की जिम्मेदारी संभालते थे. उन्होंने बताया कि रविवार को भी वे ग्राहकों से पैसे लेने निकले थे.पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि घटना के समय उनके पास कितनी नकदी थी और क्या वह रकम अपराधी अपने साथ ले गए. 

 

फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. केंदुआडीह थाना के इंस्पेक्टर प्रमोद पांडेय के नेतृत्व में मामले की जांच जारी है. पुलिस लूट, आपसी रंजिश समेत सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर छानबीन कर रही है.

 

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही