Giridih News: झारखंड सरकार के मंत्री और गिरिडीह विधायक स्वर्गीय सुदिव्य कुमार सोनू को रविवार को नम आंखों से अंतिम विदाई दी गई. गिरिडीह के हरसिंहरायडीह श्मशान घाट पर उनके बेटे श्रेयश ने मुखाग्नि दी. इसके साथ ही सुदिव्य कुमार सोनू पंचतत्व में विलीन हो गए.
इसे भी पढ़ें:
इससे पहले सुदिव्य कुमार सोनू की अंतिम यात्रा उनके आवास से हरसिंहरायडीह श्मशान घाट के लिए निकली. अंतिम यात्रा में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन समेत झारखंड के कई दिग्गज नेता, जनप्रतिनिधि, अधिकारी, पार्टी कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में आम लोग शामिल हुए. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन समेत कई लोगों ने सुदिव्य सोनू की अर्थी को कंधा दिया.
अंतिम यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में लोग सुदिव्य सोनू के अंतिम दर्शन के लिए उमड़े. समर्थकों और पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच गहरा शोक देखने को मिला. कई लोग भावुक नजर आए और नम आंखों से अपने नेता को अंतिम विदाई दी.
हरसिंहरायडीह श्मशान घाट पहुंचने के बाद जवानों की ओर से स्वर्गीय सुदिव्य कुमार सोनू को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया. इसके बाद पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी की गई. बेटे श्रेयश ने पिता को मुखाग्नि दी और देखते ही देखते सुदिव्य सोनू पंचतत्व में विलीन हो गए.
इससे पहले मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात कर अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की. मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वर्गीय सुदिव्य सोनू का आकस्मिक निधन अत्यंत पीड़ादायक है. यह झारखंड के लिए अपूरणीय क्षति है. उनके निधन से राज्य ने एक कर्मठ जनप्रतिनिधि, समर्पित मंत्री और युवा नेतृत्व को खो दिया है.
मुख्यमंत्री ने कहा कि सुदिव्य सोनू के योगदान और सेवाओं को हमेशा याद किया जाएगा. उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवार को इस कठिन समय में धैर्य एवं संबल प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की.
वहीं, विधायक कल्पना सोरेन ने भी सुदिव्य कुमार सोनू के पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी.
सुदिव्य सोनू के अंतिम संस्कार में उमड़ी भीड़ ने उनके प्रति लोगों के जुड़ाव को भी सामने रखा. राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े लोगों के साथ बड़ी संख्या में आम लोग भी अंतिम यात्रा में शामिल हुए. उनके निधन से झारखंड के राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में शोक की लहर है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

