Lagatar Desk : पंकज त्रिपाठी, अली फजल और दिव्येंदु शर्मा स्टारर फिल्म मिर्जापुर: द मूवी जल्द ही सिनेमाघरों में दस्तक देने वाली है. फिल्म को लेकर दर्शकों के बीच जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है. इसी बीच मेकर्स ने फिल्म की एडवांस बुकिंग भी शुरू कर दी है और शुरुआती आंकड़े काफी शानदार नजर आ रहे हैं.
दो दिनों में 3 करोड़ के पार पहुंची कमाई
मेकर्स ने 31 अगस्त से ‘मिर्जापुर: द मूवी’ की एडवांस बुकिंग शुरू की थी. सैकनिल्क के मुताबिक, 2 सितंबर सुबह 9 बजे तक फिल्म के 68,121 टिकट बिक चुके हैं, जिनसे करीब 1.98 करोड़ रुपये की कमाई हो चुकी है. वहीं, अगर ब्लॉक सीटों को भी शामिल किया जाए तो फिल्म की एडवांस बुकिंग से कमाई का आंकड़ा 3.34 करोड़ रुपये तक पहुंच जाता है.
ये आंकड़े फिल्म के रिलीज वाले दिन यानी पहले दिन की एडवांस बुकिंग के हैं. फिल्म 4 सितंबर को रिलीज होने वाली है. ऐसे में रिलीज से पहले अभी दो दिन बाकी हैं. माना जा रहा है कि इन दो दिनों में टिकटों की बिक्री में और तेजी आ सकती है और बुकिंग का आंकड़ा एक लाख के पार पहुंच सकता है.
4 सितंबर को सिनेमाघरों में आएगी फिल्म
‘मिर्जापुर: द मूवी’ का निर्देशन गुरमीत सिंह ने किया है. फिल्म का निर्माण फरहान अख्तर और रितेश सिधवानी की प्रोडक्शन कंपनी एक्सेल एंटरटेनमेंट ने किया है. फिल्म में पंकज त्रिपाठी, अली फजल और दिव्येंदु शर्मा के साथ फ्रेंचाइजी के कई चर्चित किरदार नजर आने वाले हैं.
फिल्म को लेकर सबसे ज्यादा उत्सुकता इसलिए है क्योंकि इसका सीधा कनेक्शन लोकप्रिय वेब सीरीज ‘मिर्जापुर’ से है. सीरीज के बड़े फैन बेस को देखते हुए फिल्म से बॉक्स ऑफिस पर भी अच्छी शुरुआत की उम्मीद की जा रही है.
8 साल पहले शुरू हुई थी ‘मिर्जापुर’ की कहानी
‘मिर्जापुर’ फ्रेंचाइजी की शुरुआत साल 2018 में हुई थी. इसका पहला सीजन प्राइम वीडियो पर रिलीज हुआ था. इसके बाद साल 2020 में दूसरा सीजन और 2024 में तीसरा सीजन दर्शकों के सामने आया.अब फैंस को इसके चौथे सीजन का भी इंतजार है. मेकर्स चौथे सीजन पर भी काम कर रहे हैं. हालांकि, उससे पहले दर्शकों को ‘मिर्जापुर: द मूवी’ के जरिए इस कहानी को बड़े पर्दे पर देखने का मौका मिलेगा

