Search

 
 
 

लापता युवती केस : हाईकोर्ट ने बोकारो SP से पूछा, सनहा के बाद FIR दर्ज करने में 10 दिन का समय क्यों लगा?

बोकारो की 18 वर्षीय युवती के गुमशुदगी से जुड़े मामले में वर्चुअली हाईकोर्ट में उपस्थित बोकारो एसपी से शुक्रवार को जवाब तलब किया गया. कोर्ट ने उनसे पूछा कि मामले में सनहा दर्ज होने के बाद FIR दर्ज करने में 10 दिन का समय क्यों लगा? आपने दोषी पुलिस स्टेशन इंचार्ज के खिलाफ कार्रवाई क्यों नहीं की.
 
  • SP बोकारो वर्चुअली कोर्ट में हुए हाजिर
  • दोषी संबंधित पुलिस स्टेशन इंचार्ज के खिलाफ कार्रवाई क्यों नहीं हुई
  • केस डायरी के साथ केस की अपडेट अनुसंधान का स्टेटस  प्रस्तुत करें
  • 23 मार्च को एसपी बोकारो को फिर होना है हाजिर

Ranchi :  बोकारो की 18 वर्षीय युवती के गुमशुदगी से जुड़े मामले में वर्चुअली हाईकोर्ट में उपस्थित बोकारो एसपी से शुक्रवार को जवाब तलब किया गया. कोर्ट ने उनसे पूछा कि मामले में सनहा दर्ज होने के बाद FIR दर्ज करने में 10 दिन का समय क्यों लगा? आपने दोषी पुलिस स्टेशन इंचार्ज के खिलाफ कार्रवाई क्यों नहीं की.

 

साथ ही 23 मार्च को बोकारो एसपी को कोर्ट में सशरीर उपस्थित होकर केस डायरी के साथ केस की अपडेट अनुसंधान का स्टेटस प्रस्तुत करने का निर्देश दिया. हाईकोर्ट ने बोकारो एसपी को चेतावनी दी कि अगर अनुसंधान सही तरीके से नहीं होने की बात सामने आती है तो मामले को सीबीआई को भी दिया जा सकता है.

 

हाईकोर्ट के न्यायमूर्ति सुजीत नारायण प्रसाद की अध्यक्षता वाली खंडपीठ ने मामले की सुनवाई की. सुनवाई के दौरान बोकारो एसपी ने मामले में दाखिल शपथ पत्र पर कुछ संशोधन करने के लिए समय देने का आग्रह किया. सुनवाई के दौरान प्रार्थी के अधिवक्ता विनसेंट रोहित  मार्की और अधिवक्ता शांतनु गुप्ता ने पक्ष रखा.
 

पुलिस ने संदिग्ध को किया था गिरफ्तार

पूर्व की सुनवाई में कोर्ट ने बोकारो एसपी से पूछा था कि युवती सात माह से अधिक समय से बोकारो से गायब है, उसकी बरामदगी के बारे में क्या-क्या कदम उठाए गए हैं. युवती कब तक बरामद कर ली जाएगी.

 

बोकारो एसपी ने कोर्ट को बताया कि बोकारो एवं आसपास के तीन-चार जगह पर युवती की बरामदगी को लेकर छापेमारी की गई है. एक संदिग्ध को पुलिस ने पकड़ा है, उसका नार्को को टेस्ट कराने का प्रयास किया जा रहा है.

 

मां ने दायर की है हेवियस कॉर्पस

बता दें कि इस मामले में लड़की की मां की ओर से हेवियस कॉर्पस दायर की गई है. प्रार्थी की ओर से कोर्ट को बताया गया था कि युवती 31 जुलाई 2025 से लापता है. मामले को लेकर बोकारो के पिंडराजोड़ा थाना में कांड संख्या 147 /2025 दर्ज किया गया था.

 

युवती के परिजन को 11 दिसंबर 2025 को मोबाइल पर एक कॉल आया था, जिसमें कहा गया था कि उनकी लड़की पुणे में है. इसके बाद पुलिस दल ने फोन करने वाले युवक को दबोच लिया था.  थाने में पूछताछ के दौरान उसने पुलिस को बताया कि युवती उसके दोस्त के पास पुणे में है.

 

पुलिस की टीम युवती के पिता के साथ उस लड़के को लेकर ट्रेन से पुणे जा रही थी, इसी दौरान वह उन्हें चकमा देकर भाग गया. पुलिस अब तक युवती को नहीं ढूंढ सकी है.

 

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही