Ranchi : सिमडेगा विधायक भूषण बाड़ा पर नाबालिग आदिवासी लड़की से दुष्कर्म के गंभीर आरोपों को लेकर ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (आइसा) की झारखंड राज्य परिषद ने कड़ा विरोध जताया है. संगठन ने घटना पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए बिना किसी राजनीतिक दबाव के मामले की जांच कराने, दोषियों को सजा दिलाने की मांग की है.
साथ ही पीड़िता की सुरक्षा सुनिश्चित करने की भी मांग की गई है. आइसा ने कांग्रेस पार्टी से भी इस मामले में अपनी जवाबदेही तय करने की अपील की है. (इसे भी पढ़ें...MLA भूषण बाड़ा मामलाः नाबालिग ने कोर्ट में प्राथमिकी का समर्थन नहीं किया!.......)
इसे भी पढ़ें
संगठन ने कहा कि यह मामला केवल अपराध की जांच तक सीमित नहीं है, बल्कि पीड़िता की सुरक्षा, सम्मान और न्याय सुनिश्चित करने से भी जुड़ा है. संगठन ने प्रशासन से मांग की है कि अब तक हुई कार्रवाई को पर्याप्त मानकर जिम्मेदारी से पीछे न हटे. पीड़िता और उसके परिवार को तत्काल सुरक्षा मुहैया कराने के साथ-साथ कानूनी सहायता और मनोवैज्ञानिक सहयोग की मांग की गई है.
संगठन ने किसी भी तरह के दबाव, धमकी या समझौते की कोशिश पर रोक लगाने की मांग की है. आइसा ने पढ़ाई और बेहतर भविष्य का भरोसा देकर बच्चियों से घर का काम कराने पर भी चिंता जताई है. संगठन ने इस पहलू की बाल एवं किशोर श्रम से संबंधित कानूनी प्रावधानों के तहत जांच करने और आवश्यक कानूनी धाराएं लगाने की मांग की है.
आइसा ने कहा कि यदि किसी परिवार के बच्चों की शिक्षा और भविष्य की चिंता है, तो उनके बेहतर स्कूल में नामांकन और छात्रावास की व्यवस्था की जानी चाहिए. संगठन ने यह भी कहा कि यदि किसी को अपने घर में काम के लिए व्यक्ति की जरूरत है, तो बच्चों के बजाय उनके माता-पिता को रोजगार दिया जाना चाहिए, ताकि उनकी आय से बच्चों की पढ़ाई और बेहतर भविष्य सुनिश्चित हो सके.

