Search

 
 
 

मनरेगा गरीबों की जीवन रेखा, इसे कमजोर करने नहीं देंगे: दीपिका पांडेय

भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस द्वारा 5 जनवरी 2026 से शुरू किए जा रहे राष्ट्रव्यापी मनरेगा बचाओ अभियान के तहत आयोजित प्रेस वार्ता में ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने केंद्र की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला.
 

Ranchi : भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस द्वारा 5 जनवरी 2026 से शुरू किए जा रहे राष्ट्रव्यापी मनरेगा बचाओ अभियान के तहत आयोजित प्रेस वार्ता में ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने केंद्र की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला.

 

दीपिका पांडेय सिंह ने कहा कि केंद्र सरकार मनरेगा जैसी ऐतिहासिक योजना को कमजोर करने और समाप्त करने की साजिश रच रही है. उन्होंने कहा कि मनरेगा देश के करोड़ों गरीब परिवारों की जीवनरेखा है, जिसने गांवों को मजबूती दी, पलायन रोका और सम्मानजनक रोजगार उपलब्ध कराया.

 

उन्होंने सवाल उठाया कि कोरोना संकट के दौरान मनरेगा के अलावा केंद्र सरकार ने गरीबों और मजदूरों के लिए क्या किया. उन्होंने कहा कि उस कठिन समय में मनरेगा ही एकमात्र योजना थी, जिसने ग्रामीण भारत को भूख और बेरोजगारी से बचाया.

 

बीजेपी पर भ्रम फैलाने का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि यह झूठ फैलाया जा रहा है कि कांग्रेस को योजना के नाम से आपत्ति है. उन्होंने स्पष्ट किया कि कांग्रेस को नाम से नहीं, बल्कि गरीब की रोटी से सरोकार है. उन्होंने कहा कि नाम बदलने से कांग्रेस को कोई आपत्ति नहीं है, लेकिन गरीबों का हक छीना गया तो इसका पुरजोर विरोध किया जाएगा.

 

दीपिका पांडेय सिंह ने कहा कि जिस तरह कांग्रेस और INDIA गठबंधन ने किसान आंदोलन के दौरान केंद्र सरकार को काले कृषि कानून वापस लेने पर मजबूर किया, उसी तरह मनरेगा को कमजोर करने की किसी भी कोशिश को सफल नहीं होने दिया जाएगा. उन्होंने कहा कि मनरेगा पर भी सरकार को पीछे हटने के लिए मजबूर किया जाएगा.

 

उन्होंने बताया कि 5 जनवरी 2026 को कांग्रेस पार्टी देशभर में मनरेगा बचाओ अभियान की औपचारिक शुरुआत करेगी. इस दौरान विभिन्न राज्यों में विरोध प्रदर्शन, पदयात्राएं और जनआंदोलन आयोजित किए जाएंगे.

 

झारखंड में कांग्रेस कार्यकर्ता रांची में राजभवन तक पदयात्रा कर केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ विरोध दर्ज कराएंगे. कांग्रेस ने स्पष्ट संदेश दिया कि मनरेगा को खत्म नहीं होने दिया जाएगा और गरीबों के अधिकारों की हर कीमत पर रक्षा की जाएगी.

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही