Dhanbad News: कतरास थाना क्षेत्र के मालकेरा में मंगलवार देर रात एक बंद मोबाइल रिपेयरिंग दुकान में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई. देखते ही देखते आग ने दुकान में रखे नए-पुराने मोबाइल फोन, रिपेयरिंग के उपकरण, सामान और काउंटर को अपनी चपेट में ले लिया. आग में दुकान का अधिकांश सामान जलकर राख हो गया. दुकान मालिक ने करीब आठ लाख रुपये के नुकसान का दावा किया है. हालांकि काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया.
बता दें कि देर रात कतरास थाना की पेट्रोलिंग टीम इलाके में गश्त कर रही थी. इसी दौरान पुलिसकर्मियों की नजर दुकान से निकल रहे धुएं और आग की लपटों पर पड़ी. पुलिस ने तत्काल बिजली विभाग को सूचना देकर इलाके की बिजली आपूर्ति बंद कराई और दुकान मालिक को घटना की जानकारी दी. आग की खबर फैलते ही आसपास के लोग भी मौके पर जुट गए.
इसे भी पढ़ें -
स्थानीय लोगों और दुकान मालिक ने आग बुझाने के लिए अग्निशमन विभाग से संपर्क कर दमकल बुलाने का प्रयास किया, लेकिन समय पर संपर्क नहीं हो सका और दमकल की गाड़ी मौके पर नहीं पहुंची. इसके बाद लोगों ने खुद मोर्चा संभाला. दुकान की करकट की छत तोड़कर अंदर तक पानी पहुंचाने का प्रयास किया गया. घर-घर पानी पहुंचाने वाले टैंपो के टैंक से पानी लाकर काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया.
दुकान मालिक के अनुसार, घटना रात करीब एक बजे की है. प्रारंभिक तौर पर आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट हो सकता है. उन्होंने यह भी कहा कि इससे पहले दुकान में चोरी की घटना भी हो चुकी है. इसलिए आग की घटना को लेकर संदेह बना हुआ है.
फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है. वहीं घटना के दौरान दमकल की गाड़ी समय पर नहीं पहुंचने को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी देखी गई.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

