Search

 
 
 

Dhanbad News: गोमो स्टेशन पर रेल हादसे का मॉक ड्रिल, बोगी में फंसे यात्रियों को निकाला

Dhanbad News: एक बोगी में आग लगने और बड़ी संख्या में यात्रियों के घायल होने की सूचना मिलते ही रेलवे कंट्रोल से लेकर आपदा प्रबंधन एजेंसियां सक्रिय हो गईं. हालांकि यह कोई वास्तविक रेल हादसा नहीं था बल्कि रेलवे और आपदा प्रबंधन एजेंसियों की तैयारियों को परखने के लिए आयोजित मेगा मॉक ड्रिल थी.
 
रेल हादसे का मॉक ड्रिल

Dhanbad News: ट्रेन की बोगी में आग, चारों तरफ धुआं, यात्रियों की चीख-पुकार और घायलों को बचाने के लिए दौड़ती राहत एवं बचाव टीमें. रविवार को धनबाद रेल मंडल के नेताजी सुभाष चंद्र बोस जंक्शन, गोमो का नजारा कुछ ऐसा ही था. गया-गोमो मेमू ट्रेन को दुर्घटनाग्रस्त दिखाया गया तो स्टेशन पर अचानक अफरा-तफरी का माहौल बन गया.

 

एक बोगी में आग लगने और बड़ी संख्या में यात्रियों के घायल होने की सूचना मिलते ही रेलवे कंट्रोल से लेकर आपदा प्रबंधन एजेंसियां सक्रिय हो गईं. हालांकि यह कोई वास्तविक रेल हादसा नहीं था बल्कि रेलवे और आपदा प्रबंधन एजेंसियों की तैयारियों को परखने के लिए आयोजित मेगा मॉक ड्रिल थी. इस दौरान ट्रेन की बोगी में फंसे 72 घायलों को सुरक्षित बाहर निकालने का अभ्यास किया गया.

 

हादसे की सूचना मिलते ही सक्रिय हुआ रेलवे कंट्रोल

मॉक ड्रिल के तहत गया-गोमो मेमू ट्रेन को दुर्घटनाग्रस्त दिखाया गया. ट्रेन की एक बोगी में आग लगने और यात्रियों के फंसे होने का दृश्य तैयार किया गया. सूचना मिलते ही रेलवे कंट्रोल ने संबंधित विभागों को अलर्ट किया. इसके बाद टीआरडी विभाग, दुर्घटना राहत यान (एआरटी) और आरपीएफ की टीमें तत्काल घटनास्थल पर पहुंचीं और बचाव अभियान शुरू कर दिया.

इसे भी पढ़ें:

बोगी में फंसे यात्रियों को निकालने के लिए राहतकर्मियों ने पूरी तत्परता के साथ रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया. इस दौरान 72 घायलों को बाहर निकालने का अभ्यास किया गया.घायलों की स्थिति के अनुसार उन्हें प्राथमिक उपचार देने और गंभीर रूप से घायल यात्रियों को बेहतर इलाज के लिए धनबाद स्थित शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (SNMMCH) भेजने की व्यवस्था का भी अभ्यास किया गया.

 

रांची से पहुंची NDRF की टीम ने संभाला मोर्चा

मॉक ड्रिल में रांची से पहुंची राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) की टीम ने भी हिस्सा लिया. रेलवे और NDRF के जवानों ने मिलकर बोगी में फंसे यात्रियों को निकालने, घायलों को सुरक्षित स्थान तक पहुंचाने और राहत कार्यों को व्यवस्थित तरीके से संचालित करने का अभ्यास किया. इस दौरान विभिन्न एजेंसियों के बीच आपसी तालमेल और आपातकालीन संसाधनों के इस्तेमाल की भी जांच की गई.

 

अचानक रेस्क्यू ऑपरेशन देख सहम गए यात्री

गोमो स्टेशन पर अचानक राहत एवं बचाव अभियान शुरू होने और ट्रेन की बोगी से घायलों को निकालने का दृश्य देखकर वहां मौजूद यात्री कुछ देर के लिए सहम गए. स्टेशन पर लोगों को लगा कि कहीं वास्तव में कोई बड़ा रेल हादसा तो नहीं हो गया. बाद में रेलवे की ओर से मॉक ड्रिल की जानकारी दिए जाने पर यात्रियों ने राहत की सांस ली.

 

असली हादसे में एक-एक मिनट होगा कीमती

NDRF कमांडर सूरज कुमार ने बताया कि इस मॉक एक्सरसाइज का मुख्य उद्देश्य रेल दुर्घटना जैसी आपात स्थिति में रेलवे, NDRF और अन्य संबंधित एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना है. इसके जरिए सभी एजेंसियों के रिस्पॉन्स टाइम और राहत एवं बचाव की तैयारियों को परखा जाता है. उन्होंने कहा कि वास्तविक दुर्घटना के समय कम से कम समय में बचाव अभियान शुरू करना बेहद जरूरी होता है ताकि अधिक से अधिक लोगों की जान बचाई जा सके.

 

गोमो स्टेशन पर आयोजित इस मॉक ड्रिल ने यह संदेश दिया कि रेल हादसे के समय केवल संसाधन ही नहीं बल्कि अलग-अलग एजेंसियों के बीच तेज समन्वय और त्वरित निर्णय भी जिंदगी बचाने में अहम भूमिका निभाते हैं.

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही