Ranchi : कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने गुरुवार को नेपाल हाउस सचिवालय में उद्यानिकी विभाग की समीक्षा बैठक की. बैठक में विभाग की विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई. मंत्री ने मधुमक्खी पालन योजना के लिए समर्पित वेबसाइट बनाने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि लाभुक किसानों की पूरी प्रोफाइल वेबसाइट पर अपलोड की जाए. सफल किसानों की प्रेरक कहानियां भी पोर्टल पर शामिल की जाएं.
मधु उत्पादों के लिए मजबूत मार्केट लिंकेज विकसित करने का निर्देश दिया गया. हाईटेक नर्सरी सह उद्यानिकी पार्क की स्थापना की प्रक्रिया तेज करने को कहा गया. आईसीएआर-आईआईएचआर, बेंगलुरु से डीपीआर प्राप्त कर आगे की कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया. मंत्री ने गोधन न्याय योजना के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने को कहा. उन्होंने प्रसंस्करण और वैल्यू एडिशन आधारित खेती को बढ़ावा देने पर जोर दिया.
नगड़ी में बनेगा आधुनिक पैकहाउस
मंत्री ने नगड़ी में मॉडल एकीकृत पैकहाउस एवं कृषि-प्रसंस्करण केंद्र की स्थापना को मंजूरी दी. परियोजना का संचालन आईसीएआर-एनआईएसए, नामकुम द्वारा किया जाएगा. उन्होंने अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से परियोजना पूरी करने का निर्देश दिया. इस केंद्र से किसानों को वैज्ञानिक भंडारण, ग्रेडिंग, पैकेजिंग और प्रसंस्करण की सुविधा मिलेगी. किसानों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंच बनाने में भी मदद मिलेगी.
क्लस्टर आधारित खेती पर जोर
मंत्री ने उद्यानिकी योजनाओं में क्लस्टर आधारित मॉडल अपनाने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि इससे किसानों को बेहतर तकनीक और बाजार उपलब्ध होगा. उद्यान निदेशालय के पांचों सहायक निदेशकों को अलग-अलग प्रमंडलों की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी. सभी अधिकारियों को नियमित क्षेत्र भ्रमण और योजनाओं की निगरानी करने के निर्देश दिए गए.
किसानों की आय बढ़ाना सरकार की प्राथमिकता
शिल्पी नेहा तिर्की ने कहा कि राज्य में उद्यानिकी क्षेत्र को तकनीक-संपन्न और किसानोन्मुख बनाया जाएगा. उन्होंने कहा कि उत्पादन से लेकर विपणन तक मजबूत व्यवस्था विकसित करना सरकार का लक्ष्य है.
उन्होंने कहा कि प्रसंस्करण और मूल्य संवर्धन के जरिए किसानों की आय बढ़ाई जाएगी. मंत्री ने कहा कि झारखंड के कृषि और उद्यानिकी उत्पादों को राष्ट्रीय और वैश्विक बाजार में नई पहचान दिलाने की दिशा में विभाग काम कर रहा है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.


Leave a Comment