Search

Advertisement
Advertisement
Advertisement

मोदी सरकार के 12 वर्ष का कार्यकाल सुशासन व जनकल्याण को है समर्पित: बाबूलाल

Ranchi: नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि नरेंद्र मोदी सरकार के ऐतिहासिक 12 वर्ष का कार्यकाल सेवा, सुशासन,  विकास, विश्वास और जनकल्याण को समर्पित रहा है. एक निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में आज 4400 दिन पूरा कर वे देश में सबसे लंबे समय तक लगातार प्रधानमंत्री रहने का रिकॉर्ड स्थापित कर चुके हैं. यह देश और भारतीय जनता पार्टी के लिए स्वर्ण अक्षरों में लिखा जाने वाला अध्याय है. मरांडी ने भाजपा प्रदेश कार्यालय में मोदी सरकार के 12 वर्ष पूर्ण करने के अवसर पर आयोजित प्रेसवार्ता में केंद्र सरकार की उपलब्धियों पर बोल रहे थे. 

 

मरांडी ने कहा कि इन 12 वर्षों में विकास कार्यों की एक लंबी फेहरिस्त है. जितना भी कार्य किया गया है वह अद्भुत है. मोदी सरकार ने विकास के कई कीर्तिमान स्थापित किए हैं. कांग्रेस के लिए जो गरीबी सिर्फ नारा भर था, इन 12 वर्षों में मोदी सरकार ने 25 करोड़ लोगों को गरीबी रेखा से बाहर निकाला है. 


इस कार्यकाल में देश में ऐतिहासिक और सकारात्मक परिवर्तन देखने को मिले हैं. भारत ने विकास, आत्मनिर्भरता, गरीब कल्याण और वैश्विक प्रतिष्ठा के नए आयाम स्थापित किए हैं. पीएम ने प्रभावी एवं दूरगामी कदम उठाए हैं. 12 वर्षों का यह सफ़र केवल उपलब्धियों की नहीं, बल्कि 140 करोड़ देशवासियों के विकास, विश्वास, आकांक्षाओं और विकसित भारत के संकल्प को साकार करने की गाथा है.

 

मरांडी ने कहा कि आज 25 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर आए हैं तो 81 करोड़ लोगों को देशभर में फ्री अनाज मिल रहा है. 50 करोड़ से अधिक लोगों को आयुष्मान योजना से जोड़ा गया है. 4 करोड़ से अधिक लोगों को पक्का आवास मिला है. 11 करोड़ से अधिक लाभुकों को उज्जवला गैस योजना के तहत गैस कनेक्शन का लाभ मिला है. देश में 2 लाख से अधिक स्टार्टअप चल रहा है. यह कोई साधारण बात नहीं है. देश की अर्थव्यवस्था 11वें स्थान से चौथे स्थान पर आ गई है. अब देश तीसरी अर्थव्यवस्था की ओर अग्रसर है. 


वहीं झारखंड के संदर्भ में देखें तो यहां 2.02 करोड़ जन धन योजना के खाते हैं. 1.35 करोड़ से अधिक आयुष्मान कार्ड बनाए गए हैं. 2.64 करोड़ गरीब कल्याण योजना के लाभार्थी हैं. 18.8 लाख से अधिक किसानों को किसान सम्मान निधि का लाभ मिल रहा है. पीएम मुद्रा योजना के तहत 89000 करोड़ रुपए से अधिक की राशि का वितरण किया गया है. 34.4 लाख परिवारों को नल जल योजना का लाभ मिला है. 38.9 लाख उज्ज्वला योजना के तहत गैस कनेक्शन बांटे गए हैं. 

 

मरांडी ने कहा कि नरेंद्र मोदी सरकार की इसी समर्पण और प्रतिबद्धता के कारण जनता लगातार नरेंद्र मोदी का साथ दे रही है. आज देश के 22 राज्यों में यानी 78% भूभाग पर एनडीए की सरकार है. यह कोई साधारण बात नहीं है. हाल ही में पश्चिम बंगाल में भाजपा द्वारा सत्ता प्राप्त करना, बहुत बड़ी उपलब्धि है. वहां की जनता ने जो विश्वास नरेंद्र मोदी पर जताया है, वह अद्भुत है. दुनिया समझ रही है कि नरेंद्र मोदी देश में भी और देश के बाहर भी सबसे लोकप्रिय लीडर हैं. 

 

मरांडी ने कहा कि सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास के मूलमंत्र के साथ 2047 तक देश को विकसित भारत बनाना नरेंद्र मोदी का सपना है. झारखंड के संदर्भ में देखा जाए तो यहां भारतमाला सहित अन्य कई सड़क बन रही हैं. यहां देवघर एयरपोर्ट का निर्माण हुआ, एम्स बना, कई मेडिकल कॉलेज बनाया गया. धरातल पर काम दिख रहा है. कांग्रेस ने एक एम्स बनाया, आज देश में 23 एम्स हैं. 74 की 160 एयरपोर्ट है. यह बतलाता है कि देश किस रफ्तार से नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकास के नए आयाम को स्थापित कर रहा है.  प्रेस वार्ता में प्रदेश मीडिया सह प्रभारी योगेंद्र प्रताप सिंह और प्रदेश प्रवक्ता अजय शाह भी मौजूद थे.

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments

Leave a Comment

Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही