Search

NEET-UG री-एग्जाम 21 को, रांची और देवघर एयरपोर्ट पर वायुसेना पहुंचाएगी प्रश्नपत्र

  • पहली बार हवाई मार्ग से झारखंड पहुंचेगा प्रश्नपत्र
  • पेपर लीक रोकने को पुलिस मुख्यालय अलर्ट मोड पर
  • रांची और देवघर एयरपोर्ट से होगी सुरक्षित सप्लाई
  • एडीजी ने सभी एसपी को दिए सख्त निर्देश

Ranchi :   झारखंड समेत पूरे देश में आगामी 21 जून को NEET (UG)-2026 का री-एग्जाम होगा. देश की सबसे बड़ी मेडिकल प्रवेश परीक्षा को लेकर झारखंड पुलिस और रांची जिला प्रशासन अलर्ट मोड पर है. 

 

रांची और देवघर एयरपोर्ट पर वायुसेना पहुंचाएगी प्रश्नपत्र 

इस बार पेपर लीक ना हो, इसको लेकर झारखंड समेत पूरे देश में वायुसेना द्वारा प्रश्नपत्र पहुंचाया जाएगा. झारखंड में भी हवाई मार्ग से प्रश्नपत्र आयेगा. यह पहली बार होगा, जब प्रश्नपत्र हवाई मार्ग से रांची और देवघर एयरपोर्ट तक लाया जाएगा. इसके बाद पुलिस कड़ी सुरक्षा के बीच राज्य के विभिन्न परीक्षा केंद्रों तक इसे पहुंचाएगी. 

 

 
सूत्रों के अनुसार, प्रश्नपत्रों के सुरक्षित परिवहन को लेकर पुलिस मुख्यालय पूरी तरह अलर्ट है. एयरपोर्ट से लेकर स्ट्रॉन्ग रूम और परीक्षा केंद्रों तक बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू की जाएगी. परीक्षा सामग्री की आवाजाही पर विशेष निगरानी रखी जाएगी, ताकि किसी भी प्रकार की गड़बड़ी की संभावना न रहे. 

 

पुलिस मुख्यालय में शांतिपूर्ण व कदाचारमुक्त परीक्षा कराने को लेकर बैठक 

नीट-यूजी परीक्षा को लेकर पुलिस मुख्यालय में एडीजी के नेतृत्व में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक भी हुई. बैठक में सभी जिलों के एसपी को स्पष्ट निर्देश दिया गया कि प्रश्नपत्रों की सुरक्षा, सुरक्षित परिवहन और परीक्षा केंद्रों पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.

 

पुलिस मुख्यालय ने पेपर लीक, फर्जी अभ्यर्थियों की एंट्री और परीक्षा में किसी भी प्रकार की अनियमितता रोकने के लिए विशेष सतर्कता बरतने को कहा है. परीक्षा को देखते हुए राज्यभर में पुलिस और खुफिया तंत्र को भी सक्रिय कर दिया गया है.


21 जून को आयोजित होने वाली NEET-UG परीक्षा को लेकर प्रशासनिक और पुलिस स्तर पर तैयारियां अंतिम चरण में हैं. अधिकारियों का कहना है कि परीक्षा की पारदर्शिता और सुरक्षा सुनिश्चित करना सर्वोच्च प्राथमिकता है. 

 

रांची में 21 केंद्रों पर होगी परीक्षा

सदर एसडीपीओ ने शांतिपूर्ण और कदाचारमुक्त परीक्षा कराने को लेकर बीएनएसएस की धारा-163 के तहत 21 परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर दायरे में निषेधाज्ञा लागू करने का निर्णय लिया है. निषेधाज्ञा 21 जून दोपहर 12 बजे से रात 8 बजे तक प्रभावी रहेगी.

नीट परीक्षा मारवाड़ी कॉलेज, सेंट जॉन्स हाई स्कूल, डोरंडा कॉलेज, निर्मला कॉलेज, केंद्रीय विद्यालय हिनू, केंद्रीय विद्यालय सीआरपीएफ धुर्वा, केंद्रीय विद्यालय एचईसी, गोस्सनर कॉलेज, आर्मी पब्लिक स्कूल दीपाटोली, सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस, उर्सुलाइन कॉन्वेंट गर्ल्स हाई स्कूल समेत 21 केंद्रों पर परीक्षा आयोजित की जाएगी.

 

परीक्षा को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारी पूरी कर ली है. परीक्षा के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन की ओर से दंडाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों और पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई है. प्रशासन ने परीक्षार्थियों और अभिभावकों से केंद्रों के आसपास अनावश्यक भीड़ न लगाने और जारी निर्देशों का पालन करने की अपील की है.

 

इन गतिविधियों पर रहेगा प्रतिबंध

  • - पांच या उससे अधिक लोगों के एकत्र होने पर रोक (सरकारी कार्य एवं शवयात्रा को छोड़कर).
  • - ध्वनि विस्तारक यंत्रों के उपयोग पर प्रतिबंध.
  • - हथियार,बम, बारूद आदि लेकर चलने पर रोक.
  • - लाठी-डंडा, तीर-धनुष, भाला, गड़ासा जैसे हथियारों के साथ घूमने पर प्रतिबंध.
  • - किसी प्रकार की सभा, बैठक या आमसभा आयोजित करने की अनुमति नहीं होगी. 

 

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें


बेहतर अनुभव व ज्यादा खबरों के लिए ऐप पर जाएं

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें
Scan QR Code
Available on App Store & Play Store
Download for Android Download for iOS

Comments

Leave a Comment

Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

बेहतर न्यूज़ अनुभव
ब्राउज़र में ही
//