Search

 
 
 

हिमाचल में मॉनसून का कहर, भारी बारिश से 45 सड़कें बंद, जनजीवन प्रभावित

हिमाचल प्रदेश में मॉनसून की शुरुआत के साथ ही कई इलाकों में भारी बारिश ने लोगों की परेशानियां बढ़ा दी हैं. चंबा, शिमला, लाहौल-स्पीति, मंडी और कुल्लू समेत कई जिलों में बारिश की वजह से पहाड़ों से मलबा गिरने के कारण 45 से ज्यादा सड़कें बंद हो गई हैं, जिससे लोगों की आवाजाही प्रभावित हुई है.
 

Lagatar Desk :    हिमाचल प्रदेश में मॉनसून की शुरुआत के साथ ही कई इलाकों में भारी बारिश ने लोगों की परेशानियां बढ़ा दी हैं. चंबा, शिमला, लाहौल-स्पीति, मंडी और कुल्लू समेत कई जिलों में बारिश की वजह से पहाड़ों से मलबा गिरने के कारण 45 से ज्यादा सड़कें बंद हो गई हैं, जिससे लोगों की आवाजाही प्रभावित हुई है.

 

राज्य आपदा प्रबंधन की रिपोर्ट के मुताबिक, 30 जून को हुई बारिश के कारण राज्य की 45 सड़कें बंद हो गईं. इनमें सबसे ज्यादा मंडी जिले में 28 सड़कें प्रभावित हुई है. इसके अलावा कुल्लू में  12, ऊना में दो और लाहौल-स्पीति में एक सड़क बंद हुई है. इसके अलावा 84 बिजली ट्रांसफार्मर भी प्रभावित हुए हैं.

 

 

 

शिमला में सड़क पर गिरा मलबा, लगा लंबा जाम

राजधानी शिमला के चक्कर इलाके में पुराने बैरियर के पास पहाड़ी से बड़ी मात्रा में मलबा सड़क पर आ गिरा. इससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं. सूचना मिलते ही प्रशासन और संबंधित विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और मलबा हटाने का काम शुरू किया. कई घंटों की मेहनत के बाद रात तक सड़क पर यातायात दोबारा शुरू करा दिया गया.

 

चंबा में फ्लैश फ्लड से घरों में घुसा पानी

चंबा जिले के सलूणी उपमंडल के धुत्ता गांव में तेज बारिश के दौरान अचानक फ्लैश फ्लड आ गया. तेज बहाव का पानी कई घरों में घुस गया, जिससे लोगों का घरेलू सामान खराब हो गया और उन्हें नुकसान उठाना पड़ा.  ग्रामीणओं का कहना है कि लोक निर्माण विभाग (PWD) से सड़क किनारे नालियां और बेहतर पानी निकासी की व्यवस्था करने की मांग की गई थी. लेकिन इस पर समय रहते काम नहीं हुआ. अगर सही ड्रेनेज सिस्टम होता तो बारिश का पानी घरों तक नहीं पहुंचता. लोगों ने पूरे मामले की जांच की मांग भी की है.

 

लाहौल-स्पीति में बंद हुआ मनाली-लेह मार्ग

लाहौल-स्पीति जिले के जिस्पा इलाके में देर रात एक नाले में अचानक बाढ़ आने से भारी मात्रा में मलबा सड़क पर आ गया. इसके कारण मनाली-लेह मार्ग को एहतियात के तौर पर बंद करना पड़ा. सड़क बंद होने से दोनों ओर सैकड़ों वाहन फंस गए, जिनमें बड़ी संख्या में पर्यटक भी शामिल हैं.

 

पुलिस ने सुरक्षा के मद्देनजर केलांग से आगे और लेह की ओर से आने वाले वाहनों की आवाजाही रोक दी है. सड़क से मलबा हटाने के लिए बीआरओ की टीम और मशीनें मौके पर काम कर रही हैं. प्रशासन लगातार हालात पर नजर रखे हुए है और प्रभावित क्षेत्रों में राहत और बहाली का काम जारी है.

 

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही