Ranchi News: नगर निगम से जुड़ी कई समस्याओं को लेकर मोरहाबादी वेंडर मार्केट के दुकानदारों ने 24 घंटे दुकानें बंद रखने का फैसला लिया है. दुकानदारों का कहना है कि नगर निगम के कर्मचारियों द्वारा अवैध रूप से पैसे की मांग की जाती है और पैसे नहीं देने पर नोटिस दिया जाता है.
इसे भी पढ़ें:
वेंडर मार्केट में हुई बैठक के बाद संघ के अध्यक्ष डॉ रौशन कुमार साहू ने बंद की घोषणा की. उन्होंने कहा कि दुकानदार अपनी मांगों को लेकर दुकानें बंद रखकर विरोध करेंगे.
दुकानदारों का आरोप है कि मार्केट में नगर निगम के कर्मचारी और गार्ड अवैध वसूली करते हैं. इसके अलावा मार्केट में कचरा रखने के लिए पर्याप्त व्यवस्था नहीं है. पानी की सुविधा भी ठीक नहीं है और शौचालय की नियमित सफाई नहीं होती. शौचालय से आने वाली बदबू और बार-बार भरने वाले सेफ्टी टैंक की समस्या भी बनी हुई है.
दुकानदारों ने बिजली की समस्या दूर करने, पूरे मार्केट में मजबूत वायरिंग कराने और स्ट्रीट लाइट ठीक कराने की मांग की है. साथ ही बर्तन धोने के लिए अलग जगह, खाने के लिए शेड और बेंच लगाने तथा महिला और रात में सुरक्षा के लिए अतिरिक्त गार्ड नियुक्त करने की मांग की गई है.
दुकानदारों ने मासिक किराया 500 रुपये बढ़ाने का भी विरोध किया है. उनका कहना है कि एफ-1 से एफ-52 तक कई दुकानदारों को कम जगह में दुकानें दी गई हैं. सिगरेट बेचने के नाम पर सामान जब्त करने और बिना जब्ती सूची के कार्रवाई करने का भी विरोध किया गया है.
डॉ रौशन कुमार साहू ने कहा कि दुकान आवंटित होने के बाद से नगर निगम का रवैया मार्केट के प्रति ठीक नहीं रहा है. दुकानदारों का आरोप है कि निगम के पदाधिकारियों की ओर से दबाव बनाया जाता है और पैसे की मांग की जाती है. उन्होंने कहा कि अपनी मांगों को लेकर दुकानदार दुकानें बंद कर आंदोलन करेंगे.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

