Lagatar Desk : बिहार में गांजा तस्करी के लिए तस्कर नए-नए हथकंड़े अपना रहे हैं. ताजा मामला मोतिहारी के हरसिद्धि थाना क्षेत्र से सामने आया है, जहां पुलिस ने एक लग्जरी कार में बने तहखाने में छिपाकर रखा गया 59 किलो गांजा बरामद किया है. पुलिस ने इस मामले में कथित मुख्य सरगना नाजिम खान समेत तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है.
जानकारी के अनुसार, एसपी स्वर्ण प्रभात के निर्देश पर जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है. इसी दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध लग्जरी कार की तलाशी ली. तलाशी के दौरान कार से गांजे की बड़ी खेप बरामद हुई. मामले में पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया.
पुलिस को संदेह है कि नाजिम खान इस तस्करी नेटवर्क में अहम भूमिका निभा रहा था. आरोप है कि वह नेपाल से गांजा मंगवाकर उसकी खरीद-बिक्री करता था. हालांकि, इस पूरे मामले में उसकी भूमिका और तस्करी से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच जारी है.
इसे भी पढ़ें
पुलिस अब गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ कर गांजे की खेप के स्रोत और उसकी आपूर्ति से जुड़े तथ्यों का पता लगा रही है. जांच में यह भी पता लगाया जा रहा है कि बरामद गांजा किन इलाकों में पहुंचाया जाना था और इसके पीछे कौन-कौन लोग सक्रिय थे.
इसके अलावा, पुलिस नेपाल से संभावित कनेक्शन की भी जांच कर रही है. अधिकारियों की कोशिश है कि इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जाए. पूछताछ और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

