Ranchi News : राष्ट्रीय एकता दिवस व सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर गुजरात में विशेष कार्यक्रम का आयोजन होने वाला है. 31 अक्टूबर को होने वाली एकता नगर परेड में झारखंड पुलिस के जवान भी हिस्सा लेंगे. पांच सदस्यीय (10 पुलिस जवान) टीम राष्ट्रीय एकता दिवस पर आयोजित राष्ट्रीय मोटरसाइकिल रैली में शामिल होंगे.
महानिदेशक एवं पुलिस महानिरीक्षक कार्यालय, झारखंड की ओर से जारी पत्र में इस संबंध में पुलिस उप-महानिरीक्षक, झारखंड सशस्त्र पुलिस को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं. पत्र में गृह मंत्रालय के आसूचना ब्यूरो की ओर से 16 जुलाई 2026 को जारी पत्र का भी हवाला दिया गया है.
इसे भी पढ़ें
5 बाइक के साथ 10 पुलिसकर्मी जाएंगे
जारी पत्र के अनुसार, राष्ट्रीय मोटरसाइकिल रैली में झारखंड पुलिस की ओर से 5 सदस्यीय मोटरसाइकिल रैली दल को शामिल होने का अनुरोध किया गया है. इसके तहत झारखंड सशस्त्र पुलिस-1 की डोरंडा, रांची स्थित वाहिनी से एक पुलिस उपाधीक्षक को नोडल पदाधिकारी के रूप में नामित करने का निर्देश दिया गया है.
इसके अलावा 5 बाइक के साथ 10 पुलिसकर्मियों को कार्यक्रम में भाग लेने के लिए अपने स्तर से निर्देशित करने को कहा गया है. यानी झारखंड पुलिस की एक विशेष टीम मोटरसाइकिलों के साथ गुजरात पहुंचेगी और राष्ट्रीय एकता दिवस के कार्यक्रम में राज्य का प्रतिनिधित्व करेगी. झारखंड पुलिस मुख्यालय के आदेश के बाद अब JAP-1 डोरंडा से टीम के चयन और उन्हें गुजरात भेजने की प्रक्रिया शुरू होगी.
मानवाधिकार IG को पहले ही बनाया गया नोडल पदाधिकारी
पत्र में यह भी उल्लेख है कि राज्य स्तर पर विभिन्न कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन और समन्वय के लिए पुलिस महानिरीक्षक मानवाधिकार, झारखंड को नोडल पदाधिकारी के रूप में नामित किया गया है. अब इसी क्रम में झारखंड सशस्त्र पुलिस-1 से भी एक पुलिस उपाधीक्षक को नोडल पदाधिकारी बनाने का निर्देश दिया गया है.
सरदार पटेल की जयंती पर देशभर में कार्यक्रम
बता दें कि हर वर्ष 31 अक्टूबर को राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाया जाता है. इसी दिन देश के पहले गृह मंत्री सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती भी होती है. गुजरात के एकता नगर में इस मौके पर राष्ट्रीय स्तर का कार्यक्रम आयोजित किया जाता है. इसी आयोजन के तहत मोटरसाइकिल रैली भी प्रस्तावित है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

