Shambhu Kumar
Chaibasa News: पश्चिमी सिंहभूम के कई इलाकों में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच बंदगांव प्रखंड की भालूपानी गांव में एक व्यक्ति का मिट्टी का घर ढह गया. इससे पीड़ित परिवार को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है.
इसे भी पढ़ें:
बताया जाता है कि भालूपानी गांव निवासी चक्रधर प्रधान, उनकी पत्नी संध्या प्रधान व परिवार के अन्य सदस्य शुक्रवार को घर के दूसरे कमरे में मौजूद थे. इसी दौरान उनका कच्चा मकान अचानक ढह गया. जिससे घर में रखा खाद्य सामग्री, बर्तन समेत अन्य घरेलू सामान भी क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे परिवार को काफी नुकसान उठाना पड़ा है.
घटना की जानकारी मिलने के बाद भालूपानी पंचायत की मुखिया सावित्री मेलगांडी मौके पर पहुंचीं और प्रभावित परिवार की स्थिति का जायजा लिया. उन्होंने तत्काल परिवार को खाद्य सामग्री और बारिश से बचाव के लिए त्रिपाल उपलब्ध कराया. इससे परिवार को फिलहाल राहत मिली है और बारिश के दौरान सुरक्षित रहने में मदद मिलेगी.
मुखिया सावित्री मेलगांडी ने कहा कि बारिश के कारण परिवार को हुए नुकसान की जानकारी संबंधित अधिकारियों को दी जाएगी. उन्होंने कहा कि क्षतिग्रस्त सामान एवं अन्य नुकसान का उचित मुआवजा दिलाने का प्रयास किया जाएगा. साथ ही प्रभावित परिवार को जल्द से जल्द आवास उपलब्ध कराने के लिए भी पहल की जाएगी. ग्रामीणों ने भी प्रशासन से बारिश से प्रभावित परिवार को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

