Ranchi News : नगर निगम बोर्ड की बैठक में शहर की सफाई, पेयजल, अवैध होर्डिंग, विकास योजनाओं और जल संरक्षण को लेकर कई फैसले लिए गए. बैठक में 17 प्रस्तावों पर चर्चा की गई. बैठक में पार्षदों ने कई मुद्दों पर अधिकारियों से जवाब मांगा और व्यवस्था में सुधार की मांग की. निगम ने साफ-सफाई के लिए काम कर रही एजेंसी स्वच्छता कॉरपोरेशन की पार्षदों के साथ समीक्षा बैठक कराने का फैसला लिया है. वहीं, निगम क्षेत्र में जुडको के माध्यम से चल रही योजनाओं को लेकर भी पार्षदों ने नाराजगी जताई.
अब जुडको को निगम क्षेत्र में कोई भी काम शुरू करने से पहले नगर निगम से NOC लेना होगा. बैठक में सफाई व्यवस्था को लेकर पार्षदों ने कई शिकायतें रखीं. नगर आयुक्त ने सहायक नगर आयुक्त और स्वच्छता शाखा को निर्देश दिया कि सभी पार्षदों के साथ समन्वय कर स्वच्छता कॉरपोरेशन के साथ समीक्षा बैठक की जाए. पार्षदों ने यह भी कहा कि हर वार्ड में कितने स्वच्छता मित्र काम कर रहे हैं, इसकी जानकारी पार्षदों को मिलनी चाहिए. वार्ड में सफाई कर्मियों और संसाधनों की कमी का मुद्दा भी उठा.
निगम ने सफाई व्यवस्था में लगे कर्मियों और मानव संसाधनों में बदलाव करने की बात कही है. वार्ड पार्षद और वार्ड स्वच्छता मित्र के बीच रोजाना समन्वय हो. सड़क, लेन और बाईलेन की सफाई का रोस्टर भी पार्षदों के साथ मिलकर अपडेट किया जाएगा. बेलबगान चौक पर लगे होर्डिंग को तत्काल हटाने का निर्देश दिया गया. बाईपास रोड और सैनिक मार्केट में लगे विज्ञापन पट्टों की भी जांच होगी. निगम बिना अनुमति लगे विज्ञापनों की सूची पार्षदों को देगा.
जुडको को काम से पहले लेना होगा निगम से NOC
खादगढ़ा और आईटीआई बस स्टैंड समेत निगम क्षेत्र में जुडको की ओर से चल रहे कामों को लेकर पार्षदों ने सवाल उठाए. कुछ पार्षदों ने कहा कि योजनाओं को शुरू करने से पहले उनसे समन्वय नहीं किया जाता. सप्लाई वाटर, सीवरेज-ड्रेनेज और हरमू नदी से जुड़े कामों पर भी सवाल उठे. मेयर ने कहा कि पार्षद जुडको की कार्यप्रणाली से संतुष्ट नहीं हैं.
इसके बाद निगम परिषद ने सर्वसम्मति से फैसला लिया कि नगर निगम क्षेत्र में जुडको की कोई भी नई योजना शुरू करने से पहले निगम से NOC लेना अनिवार्य होगा. कुछ पार्षदों ने अपने वार्ड के सामुदायिक भवनों के जीर्णोद्धार और उन्हें पार्षदों को उपलब्ध कराने की मांग भी रखी.
व्यावसायिक जार वाटर, दुकान, होटल और रेस्टोरेंट में बोरिंग के लिए वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम लगाना जरूरी होगा. निगम की अनुमति से होने वाली बोरिंग की जानकारी संबंधित वार्ड पार्षद को भी दी जाएगी.
विकास कार्यों में कितनी राशि आई, पार्षदों को मिलेगा ब्योरा
निगम में विभिन्न मदों में उपलब्ध राशि और पिछले छह वर्षों में विकास कार्यों पर खर्च हुए पैसे का पूरा ब्योरा पार्षदों को उपलब्ध कराया जाएगा. अधिकारियों को यह जानकारी तैयार करने का निर्देश दिया गया है. मेयर ने कहा कि पाथवे निर्माण के लिए 15वें वित्त आयोग की राशि का इस्तेमाल करने के बजाय सरकार से अलग परियोजना के रूप में फंड मांगा जाए. निगम परिषद ने इस प्रस्ताव पर सहमति जताई.
बकरी बाजार समेत निगम की जमीन पर कॉमर्शियल निर्माण की योजना
डेली मार्केट, कांटाटोली बस स्टैंड और बड़ा घाघरा की जमीन पर कॉमर्शियल बिल्डिंग, होटल और कॉमर्शियल-कम-रेजिडेंशियल भवन बनाने के प्रस्ताव पर चर्चा हुई. अधिकारियों के अनुसार इससे निगम को बड़ी राशि खर्च किए बिना निर्माण का मौका मिलेगा और भविष्य में करोड़ों रुपए का राजस्व मिल सकता है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

