Search

 
 
 

Dhanbad News: गोल्फ ग्राउंड मेले में अवैध पार्किंग वसूली पर निगम सख्त, आयोजक पर जुर्माना की तैयारी

शहर के रणधीर वर्मा स्टेडियम (गोल्फ ग्राउंड) में चल रहे मेले के दौरान अवैध रूप से पार्किंग शुल्क वसूले जाने का मामला सामने आया है. शिकायत मिलने पर नगर निगम ने मामले की जांच शुरू कर दी है और मेला आयोजक पर जुर्माना लगाने की तैयारी की जा रही है.
 

Dhanbad: शहर के रणधीर वर्मा स्टेडियम (गोल्फ ग्राउंड) में चल रहे मेले के दौरान अवैध रूप से पार्किंग शुल्क वसूले जाने का मामला सामने आया है. शिकायत मिलने पर नगर निगम ने मामले की जांच शुरू कर दी है और मेला आयोजक पर जुर्माना लगाने की तैयारी की जा रही है.

 


मेयर संजीव सिंह ने स्पष्ट कहा कि नगर निगम क्षेत्र में पार्किंग शुल्क वसूलने का अधिकार केवल नगर निगम को है. बिना अनुमति किसी संस्था या व्यक्ति द्वारा पार्किंग शुल्क वसूला जाना पूरी तरह अवैध है और इसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी. शिकायत मिलने के बाद नगर निगम की जांच टीम मेले में पहुंची और वहां पार्किंग व्यवस्था की जांच की. जांच के दौरान पार्किंग शुल्क वसूल रहे लोगों ने भी स्वीकार किया कि उन्हें नगर निगम से किसी प्रकार की अनुमति प्राप्त नहीं है. इसके बाद निगम प्रशासन ने पूरे मामले की रिपोर्ट तैयार कर कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी है.

 


मेयर ने बताया कि पिछले वर्ष भी इसी तरह का मामला सामने आया था, जिसमें मेला आयोजक पर 25 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया था. इस बार भी जांच रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी. पार्किंग शुल्क वसूली के अलावा मेले में स्वच्छता नियमों के उल्लंघन की शिकायतों की भी जांच की जा रही है. आयोजन स्थल पर साफ-सफाई और कचरा प्रबंधन से संबंधित निर्धारित मानकों का पालन किया जा रहा है या नहीं ये भी जांच की जा रही है. 

 


मेयर संजीव सिंह ने कहा कि नगर निगम अवैध वसूली और स्वच्छता नियमों के उल्लंघन जैसे मामलों को गंभीरता से ले रहा है. उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि भविष्य में भी इस प्रकार की शिकायत मिलने पर संबंधित व्यक्तियों और आयोजकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी. नगर निगम की इस कार्रवाई से मेले के आयोजन और पार्किंग व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं. अब सभी की नजर निगम की जांच रिपोर्ट और आयोजकों के खिलाफ होने वाली आगे की कार्रवाई पर टिकी हुई है.

 

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही