Ranchi News : झारखंड CGL पेपर गड़बड़ी मामले की जांच कर रही CID ने बड़ी कार्रवाई करते हुए रांची नगर निगम में तैनात फूड इंस्पेक्टर संजय कुमार को गिरफ्तार किया है. CID की टीम ने देर रात गिरिडीह जिले के गांवा थाना क्षेत्र के पिहरा स्थित उसके घर पर छापेमारी कर संजय कुमार को पकड़ा. गिरफ्तारी के बाद उसे देर रात ही रांची लाया गया, जहां उससे पूछताछ की जा रही है.
इसे भी पढ़ें...
बताया गया कि CID रांची के डीएसपी अरविंद सिंह के नेतृत्व में टीम गांवा पहुंची थी. स्थानीय पुलिस अधिकारियों के सहयोग से टीम ने संजय कुमार के घर पर कार्रवाई की. इस दौरान एसडीपीओ अमरेंद्र कुमार और गांवा थाना की पुलिस भी मौजूद रही. कार्रवाई के बाद संजय कुमार को हिरासत में लेकर रांची लाया गया.
संजय कुमार वर्ष 2025 बैच के फूड इंस्पेक्टर बताए जा रहे हैं और वर्तमान में रांची नगर निगम में पदस्थापित हैं. CGL पेपर गड़बड़ी मामले की जांच के दौरान CID को संजय कुमार से जुड़े कुछ अहम साक्ष्य मिलने की जानकारी सामने आ रही है. इन्हीं साक्ष्यों के आधार पर उसकी गिरफ्तारी किये जाने की बात कही जा रही है.
फिलहाल CID की टीम संजय कुमार से पूछताछ कर रही है. जांच एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि CGL पेपर गड़बड़ी मामले में उसकी क्या भूमिका रही है और मामले से जुड़े अन्य लोगों से उसका किस तरह का संपर्क था.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

