Search

 
 
 

Dhanbad News: निगम के दावों की खुली पोल, बारिश में सड़कें बनी तालाब, घरों में घुसा पानी

मॉनसून की बारिश ने धनबाद नगर निगम की जल निकासी व्यवस्था की पोल खोल दी है. शहर की हंस विहार कॉलोनी, बरटांड़ स्थित पंडित क्लीनिक के आसपास का इलाका, डीआरएम मोड़ तथा झरिया के बस्ताकोला समेत कई क्षेत्रों में जलजमाव की गंभीर समस्या एक बार फिर सामने आ गई है.
 

Dhanbad: मॉनसून की बारिश ने धनबाद नगर निगम की जल निकासी व्यवस्था की पोल खोल दी है. शहर की हंस विहार कॉलोनी, बरटांड़ स्थित पंडित क्लीनिक के आसपास का इलाका, डीआरएम मोड़ तथा झरिया के बस्ताकोला समेत कई क्षेत्रों में जलजमाव की गंभीर समस्या एक बार फिर सामने आ गई है. हल्की बारिश के बाद ही सड़कें और गलियां पानी में डूब गईं, जिससे लोगों का जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया.

इसे भी पढ़ें: 

हंस विहार कॉलोनी और पंडित क्लिनिक रोड की हालात सबसे अधिक खराब हैं. सड़कें तालाब में तब्दील हो गई हैं और कई स्थानों पर बारिश का पानी लोगों के घरों के दरवाजे तक पहुंच गया. जलभराव के कारण बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को घरों से निकलने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. वहीं चारपहिया और दोपहिया वाहन चालकों के लिए भी आवागमन जोखिम भरा हो गया है.

 

हंस विहार कॉलोनी निवासी तपन और पंडित क्लिनिक रोड निवासी प्रेम कुमार और बुधन ने बताया कि यह समस्या नई नहीं है. पिछले करीब 10 वर्षों से हर मानसून में कॉलोनी के लोग इसी परेशानी से जूझ रहे हैं. नगर निगम और संबंधित विभाग के अधिकारी समय-समय पर निरीक्षण तो करते हैं लेकिन स्थायी समाधान की दिशा में कोई ठोस पहल नहीं की जाती. 

 

स्थानीय लोगों का आरोप है कि नगर निगम में कई मेयर बदले, कई बार जनप्रतिनिधियों ने जल निकासी और नालियों की सफाई के बड़े-बड़े वादे किए, लेकिन हर मानसून में हालात पहले जैसे ही बने रहते हैं. लोगों का कहना है कि करोड़ों रुपये विकास कार्यों पर खर्च किए जाते हैं लेकिन जल निकासी जैसी बुनियादी समस्या का समाधान आज तक नहीं हो सका.

 

जलजमाव के कारण कॉलोनी की सड़कें कीचड़ और गंदे पानी से भर गई हैं. इससे संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है. स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि लगातार बारिश होती रही तो स्थिति और गंभीर हो सकती है.

 

स्थानीय लोगों ने धनबाद नगर निगम और जिला प्रशासन से मांग की है कि प्रभावित क्षेत्रों का तत्काल निरीक्षण कर जल निकासी की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए. साथ ही नालियों की सफाई, ड्रेनेज सिस्टम के सुदृढ़ीकरण और जलजमाव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए ठोस कार्ययोजना बनाई जाए ताकि हर वर्ष मानसून में लोगों को इस परेशानी का सामना न करना पड़े.

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही