Search

 
 
 

Hazaribagh News: ड्यूटी के दौरान निगम कर्मी की मौत पर मिलेगा 1.2 लाख, स्टैंडिंग कमेटी का फैसला

हजारीबाग नगर निगम की स्टैंडिंग कमेटी की बैठक में निगम कर्मियों के हित में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए. बैठक में तय किया गया कि हजारीबाग नगर निगम के किसी भी कर्मी की सेवा अवधि के दौरान मृत्यु होने पर उसके परिजनों को निगम की ओर से 1.20 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी.
 

Hazaribagh: हजारीबाग नगर निगम की स्टैंडिंग कमेटी की बैठक में निगम कर्मियों के हित में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए. बैठक में तय किया गया कि हजारीबाग नगर निगम के किसी भी कर्मी की सेवा अवधि के दौरान मृत्यु होने पर उसके परिजनों को निगम की ओर से 1.20 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी. वहीं अंतिम संस्कार के लिए तत्काल 10 हजार रुपये उपलब्ध कराए जाएंगे.

 

बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि किसी कर्मी के कार्य के दौरान गंभीर रूप से घायल होने पर उसे 60 हजार रुपये की सहायता राशि दी जाएगी. निगम प्रशासन ने कहा कि वर्ष 2022 में भी कर्मियों को इसी प्रकार सहयोग प्रदान किया गया था और भविष्य में भी नगर निगम अपने कर्मचारियों के सुख-दुख में साथ खड़ा रहने के संकल्प को दोहराता है.

 

बैठक में शहर की साफ-सफाई एवं बुनियादी सुविधाओं को लेकर भी कई अहम निर्णय लिए गए. नगर क्षेत्र में सूख चुके पेड़ों की पहचान कर उनकी कटाई कराने का निर्णय लिया गया. इसके अलावा शहर को स्वच्छ बनाए रखने के लिए विशेष सफाई अभियान चलाने तथा इसके लिए अलग से टीम गठित करने पर सहमति बनी.

 

कर्मियों की कार्यप्रणाली की निगरानी को और प्रभावी बनाने के लिए वार्डवार उपस्थिति दर्ज कराने की व्यवस्था लागू करने का निर्णय लिया गया. इसके तहत संबंधित वार्ड पार्षदों के हस्ताक्षर के साथ कर्मियों की उपस्थिति सुनिश्चित की जाएगी. साथ ही निगम के राजस्व में वृद्धि के लिए पार्षदों से सक्रिय सहयोग लेने पर भी जोर दिया गया.

 

बैठक में मानसून को देखते हुए व्यापक पौधारोपण अभियान चलाने तथा शहर में पेयजल आपूर्ति व्यवस्था को दुरुस्त करने पर चर्चा हुई. पानी की बर्बादी और पाइपलाइन लीकेज की समस्या को गंभीरता से लेते हुए विशेष रूप से प्लंबर एवं तकनीकी कर्मियों की नियुक्ति कर खराब जलापूर्ति लाइनों की मरम्मत कराने का निर्णय लिया गया.

 

हजारीबाग नगर निगम ने स्पष्ट किया कि शहर के विकास, स्वच्छता और कर्मियों के कल्याण को प्राथमिकता देते हुए ऐसे जनहितकारी निर्णय आगे भी लिए जाते रहेंगे.

 

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही