Ranchi: शहर के अपर नगर आयुक्त संजय कुमार प्रशासनिक अमले के साथ हरमू नदी तथा लालपुर-कोकर मार्ग, डिस्टलरी पुल स्थित वेंडर मार्केट का निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण एवं यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए दिशा-निर्देश दिए गए. अपर नगर आयुक्त ने हरमू नदी की सफाई व्यवस्था का जायजा लिया.
उन्होंने आगामी मॉनसून को ध्यान में रखते हुए व्यापक सफाई अभियान चलाने का निर्देश दिया. कहा कि सफाई अभियान में अधिक से अधिक सफाई मित्रों की तैनाती सुनिश्चित की जाए. इसके अलावा आधुनिक मशीनों एवं पर्याप्त मानव संसाधनों की सहायता से नदी में वर्षों से जमे ठोस अपशिष्ट, प्लास्टिक, गाद एवं अन्य कचरे को हटाया जाए.
उन्होंने हॉर्टिकल्चर शाखा को निर्देश दिया कि नदी तटों पर आकर्षक एवं सुव्यवस्थित बागवानी की जाए, जिससे न केवल क्षेत्र का सौंदर्य बढ़े बल्कि पर्यावरणीय संतुलन भी सुदृढ़ हो. इस पहल का उद्देश्य हरमू नदी की स्वच्छता के साथ-साथ उसके प्राकृतिक प्रवाह को पुर्नजीवित किया जा सके. उन्होंने शहरवासियों से अपील की कि हरमू नदी में किसी भी प्रकार का कचरा, गंदा पानी या अपशिष्ट न डालें.
अपर नगर आयुक्त ने लालपुर-कोकर मार्ग स्थित वेंडर मार्केट का औचक निरीक्षण के दौरान साफ-सफाई एवं अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया. उन्होंने वेंडरों से बातचीत की और मार्केट में नियमित साफ-सफाई बनाए रखने का निर्देश दिया.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें


Leave a Comment