Search

 
 
 

मुजफ्फरपुर  : पारिवारिक विवाद  में भाई की मौत, सदमे में मां ने भी तोड़ा दम

जिले से एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां पारिवारिक विवाद ने दो जिंदगियां छीन ली. दो भाइयों के बीच हुए झगड़े के दौरान एक भाई की मौत हो गई .
 

Muzaffarpur : जिले से एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां पारिवारिक विवाद ने दो जिंदगियां छीन ली. दो भाइयों के बीच हुए झगड़े के दौरान एक भाई की मौत हो गई .जबकि बेटे की मौत का सदमा उसकी मां बर्दाश्त नहीं कर सकी और कुछ ही देर बाद उन्होंने भी दम तोड़ दिया. इस घटना से पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई.

 

यह मामला बोचहां थाना क्षेत्र के करणपुर दक्षिणी पंचायत, वार्ड संख्या 6 का है. मृतक की पहचान 35 वर्षीय रामबाबू सहनी के रूप में हुई है, जो मूकबधिर था और घर पर रहकर अपनी बीमार मां पुकारी देवी (65) की देखभाल करता था.

 

परिजनों के अनुसार, परिवार के चार भाइयों में से दो दिल्ली में मजदूरी करते हैं. हाल ही में मां की तबीयत खराब होने की सूचना मिलने पर एक भाई चंद्रमणि घर लौटा था. घर में पहले से मौजूद मनोज और रामबाबू के साथ शुरुआत में सब कुछ सामान्य था, लेकिन गुरुवार रात एक छोटी सी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया.

 

बताया जा रहा है कि मनोज अपनी बीमार मां को अगरबत्ती दिखाने पहुंचा, जिस पर चंद्रमणि ने आपत्ति जताई. इसी बात को लेकर दोनों भाइयों के बीच कहासुनी हुई, जो शुक्रवार को मारपीट में बदल गई. घर के आंगन में दोनों के बीच हाथापाई होने लगी.

 

इसी दौरान रामबाबू बीच-बचाव करने पहुंचा, लेकिन धक्का-मुक्की में उसे जोर का धक्का लगा और वह जमीन पर गिर पड़ा. गिरने के बाद वह बेहोश हो गया. परिजन उसे तुरंत इलाज के लिए बोचहां अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई.

 

रामबाबू का शव घर पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया. अंतिम संस्कार की तैयारी चल ही रही थी कि तभी एक और दुखद घटना घटी. बेटे की मौत का सदमा पुकारी देवी सहन नहीं कर सकीं और कुछ ही देर बाद उन्होंने भी दम तोड़ दिया.मां-बेटे की एक साथ मौत से पूरे गांव में सन्नाटा पसर गया. हर कोई इस घटना से स्तब्ध है और लोगों की आंखें नम हैं.घटना की सूचना मिलते ही बोचहां थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी.  गांव में पंचायत बैठाकर परिवार को भविष्य में ऐसे विवाद न करने की सख्त हिदायत दी गई.

 

 

 

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही