Search

 
 
 

मुजफ्फरपुर : थ्रेशर में फंसकर किसान के दोनों हाथ कटे, मई में होनी है बेटी की शादी

जिले से एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है. अहियापुर थाना क्षेत्र के बहादुरपुर गांव में गेहूं की दौनी के दौरान थ्रेशर मशीन में फंसकर 40 वर्षीय किसान राजीव कुमार सहनी ने अपने दोनों हाथ गंवा दिए.
 

Muzaffarpur : जिले से एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है. अहियापुर थाना क्षेत्र के बहादुरपुर गांव में गेहूं की दौनी के दौरान थ्रेशर मशीन में फंसकर 40 वर्षीय किसान राजीव कुमार सहनी ने अपने दोनों हाथ गंवा दिए. यह हादसा ऐसे समय हुआ जब उनके घर में बड़ी बेटी की शादी की तैयारियां चल रही थीं.

 

काम के दौरान हुआ हादसा


जानकारी के अनुसार, राजीव सहनी ने बटाई पर खेत लेकर गेहूं की खेती की थी. सोमवार देर रात वह थ्रेशर मशीन से गेहूं निकाल रहे थे. इसी दौरान अचानक उनका संतुलन बिगड़ गया और उनके दोनों हाथ मशीन की चपेट में आ गए.

 

गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती


चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और उन्हें किसी तरह मशीन से बाहर निकालकर नजदीकी अस्पताल ले गए. प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत गंभीर देखते हुए उन्हें श्रीकृष्ण मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल  रेफर कर दिया गया, जहां वे इमरजेंसी वार्ड में भर्ती हैं.

 

बेटी की शादी पर संकट


राजीव सहनी की पत्नी किरण देवी ने बताया कि परिवार पूरी तरह उनकी मजदूरी पर निर्भर है. परिवार में तीन बेटियां और दो बेटे हैं. सबसे बड़ी बेटी की शादी 10 मई को तय है और घर में तैयारियां चल रही थीं. इस हादसे ने पूरे परिवार को गहरे संकट में डाल दिया है.

 

परिवार ने लगाई मदद की गुहार


किरण देवी ने प्रशासन और सरकार से आर्थिक मदद की अपील की है. उनका कहना है कि पति के दिव्यांग होने के बाद अब परिवार का भरण-पोषण और बच्चों की पढ़ाई मुश्किल हो जाएगी, साथ ही बेटी की शादी भी संकट में पड़ गई है. ग्रामीण भी पीड़ित परिवार की मदद के लिए आगे आ रहे हैं और प्रशासन से मुआवजा देने की मांग कर रहे हैं. डॉक्टरों ने किसान की हालत गंभीर बताई है.

 

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

 

 

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही