Search

 
 
 

Muzaffarpur News : बाल आश्रय गृह से 10 बच्चे गायब, मचा हड़कंप

बिहार के मुजफ्फरपुर से एक बेहद चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां बाल आश्रय गृह से एक रात में 10 बच्चे संदिग्ध परिस्थितियों में अचानक गायब हो गए. इस घटना के बाद से जिले के प्रशासनिक और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है. सूचना मिलते ही एसडीओ (पूर्वी) तुषार कुमार, स्थानीय प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंचकर मामले की छानबीन में जुट गई है.
 

Muzaffarpur : बिहार के मुजफ्फरपुर से एक बेहद चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां बाल आश्रय गृह से एक रात में 10 बच्चे संदिग्ध परिस्थितियों में अचानक गायब हो गए. इस घटना के बाद से जिले के प्रशासनिक और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है. सूचना मिलते ही एसडीओ (पूर्वी) तुषार कुमार, स्थानीय प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंचकर मामले की छानबीन में जुट गई है.

 

जानकारी के अनुसार रविवार की देर रात मुसहरी थाना क्षेत्र के नरौली स्थित बाल आश्रय गृह का अनुमंडल पदाधिकारी (पूर्वी) तुषार कुमार ने निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान पता चला कि वहां कई बच्चे गायब है. बताया जा रहा है कि देर रात करीब 10 बच्चे आश्रय गृह की दीवार लांघकर या किसी अन्य रास्ते से भागने में सफल रहे. 

 

तत्काल पुलिस को सूचना दी गई. घटना की गंभीरता को देखते हुए एसडीओ पूर्वी के साथ-साथ मुसहरी थाना पुलिस मौके पर कैंप कर रही है. आश्रय गृह में मौजूद अन्य बच्चों और वहां तैनात कर्मियों से पूछताछ की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि बच्चे किस समय और कैसे फरार हुए.

 

इन बच्चों का अब तक कोई सुराग नहीं मिल सका है, जिससे प्रशासन की कार्यशैली और आश्रय गृह की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं. इस मामले में आश्रय गृह के अधीक्षक द्वारा स्थानीय मुसहरी थाना में एक लिखित शिकायत दर्ज कराई गई है.

 

एक साथ 10 बच्चों का गायब होना सवाल खड़े करता है. एसएसपी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि बच्चों के गायब होने की सूचना मिली है. पुलिस की विशेष टीमें गठित कर दी गई हैं और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं. उन्होंने भरोसा दिलाया है कि जल्द ही सभी बच्चों को सुरक्षित बरामद कर लिया जाएगा.


इतनी सुरक्षा होने के बावजूद इस घटना से लोगों से लोगों में काफी आक्रोश है. पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि मामला सिर्फ बच्चों के भागने का है या इसके पीछे कोई साजिश या लापरवाही छिपी हुई है. आसपास के क्षेत्रों में खोज अभियान शुरू कर दिया गया है. रेलवे स्टेशन, बस पड़ाव और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर बच्चों की तलाश की जा रही है.

 

साथ ही आश्रय गृह में लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग भी खंगाली जा रही है, ताकि बच्चों के बाहर जाने की वास्तविक स्थिति का पता लगाया जा सके. आश्रय गृह के कर्मचारियों और सुरक्षाकर्मियों से भी पूछताछ की जा रही है. पुलिस ने बताया कि बच्चों को बहुत जल्द सुरक्षित बरामद कर लिया जाएगा.

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही