Lagatar Desk : मुजफ्फरपुर स्थित श्रीकृष्ण मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (SKMCH) में इलाज के दौरान महिला की मौत के बाद जमकर हंगामा किया गया. परिजनों और ग्रामीणों ने अस्पताल प्रबंधन पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया और मुआवजे की मांग की.
आरोप है कि हंगामा के दौरान इमरजेंसी वार्ड में तोड़फोड़ और स्वास्थ्यकर्मियों के साथ बदसलूकी की गई. इसकी वजह से अस्पताल परिसर में करीब दो घंटे तक अफरा-तफरी मची रही और इमरजेंसी सेवाएं पूरी तरह बाधित हो गई.
रेफर कर SKMCH में कराया गया था भर्ती
जानकारी के अनुसार, मिठनपुरा थाना क्षेत्र के रामबाग चौरी निवासी मो. सोनू की पत्नी शबनम खातून (35 वर्षीय) को गंभीर स्थिति में एक निजी अस्पताल से रेफर कर SKMCH लाया गया था. डॉक्टरों ने तुरंत उन्हें इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कर इलाज शुरू किया. लेकिन लगातार प्रयासों के बावजूद शाम करीब 6:30 बजे महिला की मौत हो गई.
मौत के बाद ईसीजी की प्रक्रिया को लेकर अस्पताल में अफवाह फैल गई कि प्रशासन शव को गायब करने की कोशिश कर रहा है. इसके बाद मृतका के परिजनों ने ग्रामीणों को सूचना दे दी. देखते ही देखते करीब 40 से अधिक लोग अस्पताल पहुंच गए और हंगामा शुरू कर दिया.
इमरजेंसी वार्ड में तोड़फोड़ से डॉक्टरों में दहशत
उग्र भीड़ ने इमरजेंसी वार्ड के भीतर और बाहर जमकर उपद्रव मचाया. इस दौरान वार्ड में तोड़फोड़ की गई. साथ ही डॉक्टरों, नर्सिंग स्टाफ और अन्य स्वास्थ्यकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की और बदसलूकी की गई.
अचानक हुए इस घटना से अस्पताल में भर्ती अन्य मरीजों और उनके परिजनों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. घटना की खबर मिलते ही हॉस्टल से जूनियर डॉक्टर और एमबीबीएस छात्र भी मौके पर पहुंच गए, जिससे स्थिति और अधिक तनावपूर्ण हो गई.
पुलिस ने लाठीचार्ज कर उपद्रवियों को खदेड़ा
हंगामे की सूचना मिलते ही SKMCH ओपी और अहियापुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को समझाने का प्रयास किया. लेकिन स्थिति बेकाबू होते देख पुलिस ने लाठीचार्ज कर उपद्रवियों को परिसर से बाहर खदेड़ा. पुलिस की मुस्तैदी के बाद हालात सामान्य हुए और करीब दो घंटे बाद फिर से इमरजेंसी सेवाएं शुरू हुई.
परिजनों का पोस्टमार्टम कराने से किया इनकार
पुलिस ने मौत के सही कारणों का पता लगाने के लिए परिजनों को शव का पोस्टमार्टम कराने की सलाह दी. लेकिन परिजनों ने इससे साफ इनकार कर दिया. इसके बाद आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी कर शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया.
इमरजेंसी वार्ड के बाहर सुरक्षा सख्त
घटना के बाद एहतियात के तौर पर इमरजेंसी वार्ड के बाहर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है. पुलिस प्रशासन का कहना है कि अस्पताल में लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाला जा रहा है, ताकि तोड़फोड़ और डॉक्टरों से बदसलूकी करने वाले उपद्रवियों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जा सके.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

Leave a Comment