National News: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की से फोन पर बात की. इस दौरान दोनों नेताओं ने रूस-यूक्रेन युद्ध के ताजा घटनाक्रम और शांति प्रयासों पर चर्चा की. जेलेंस्की ने मौजूदा संघर्ष को लेकर अपना नजरिया प्रधानमंत्री मोदी से साझा किया.
इसे भी पढ़ें:
बातचीत में पीएम मोदी ने भारत के रुख को स्पष्ट करते हुए कहा कि इस संघर्ष का समाधान केवल बातचीत और कूटनीति के जरिए ही निकाला जा सकता है. उन्होंने साफ किया कि भारत युद्ध के शांतिपूर्ण समाधान की दिशा में होने वाले सभी प्रयासों में योगदान देने के लिए तैयार है. दोनों नेताओं ने विभिन्न क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग को और मजबूत करने पर व्यापक चर्चा की.
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की ने पीएम मोदी के साथ बातचीत के बाद कहा कि यूक्रेन अबू धाबी में होने वाली बैठक के एजेंडे पर तैयारी कर रहा है. रूस को भी तनाव कम करने के लिए इसी तरह की पहल करनी चाहिए. जेलेंस्की ने कहा कि पीएम मोदी कई बार यह बात दोहरा चुके हैं कि अब युद्ध जारी रखने के बजाय इसे खत्म करने का समय है. उन्होंने रूसी नेतृत्व के सामने भी यह संदेश रखा है.
जानकारी के मुताबिक, युद्ध समाप्त करने की दिशा में 10 और 11 नवंबर को संयुक्त अरब अमीरात के अबू धाबी में रूस, यूक्रेन और अमेरिका के प्रतिनिधिमंडल बैठक करेंगे. जहां सुरक्षा गारंटी, युद्ध रोकने के उपाय और भविष्य की सुरक्षा व्यवस्था जैसे मुद्दों पर चर्चा होने की उम्मीद है. अब पूरी दुनिया की निगाह अबू धाबी में होनेवाले बातचीत पर टिकी हुई हैं.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

