- तस्कर को सीधे रांची लेकर पहुंची टीम
Ranchi: चतरा के जोरी इलाके में नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) की कार्रवाई किसी फिल्मी सीन से कम नहीं रही. लाल रंग की कार से पहुंचे कोर्ट-पैंट पहने एनसीबी के अधिकारियों ने गोपनीय तरीके से ऑपरेशन को अंजाम दिया और एक युवक को अपने कब्जे में लेकर वहां से निकल गए. अचानक हुई इस कार्रवाई को देखकर आसपास के लोग भी दंग रह गए. कुछ देर तक इलाके में चर्चा होती रही कि आखिर कौन लोग आए थे और लाल कार से एक युवक को उठाकर कहां ले गए.
मौके पर मौजूद लोग कुछ समझ पाते, इससे पहले ही टीम युवक को लेकर वहां से रवाना हो गई. बाद में जानकारी मिली कि एनसीबी की टीम ने ब्राउन शुगर तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए युवक को गिरफ्तार किया है.
इसे भी पढ़ें -
सूत्रों के अनुसार, एनसीबी को गुप्त सूचना मिली थी कि अंतरराज्यीय नेटवर्क के जरिए उत्तर प्रदेश, बिहार और पश्चिम बंगाल से झारखंड में बड़े पैमाने पर ब्राउन शुगर की तस्करी की जा रही है. इसी सूचना के आधार पर टीम ने चतरा के जोरी के पास गोपनीय तरीके से कार्रवाई की. फिल्मी अंदाज में पहुंचे अधिकारियों ने युवक को घेरकर पकड़ लिया. तलाशी के दौरान उसके पास से 200 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की गई. गिरफ्तारी के बाद एनसीबी की टीम उसे सीधे रांची लेकर पहुंची.
अंतरराज्यीय तस्करी नेटवर्क के खुलासे की उम्मीद
सूत्रों की मानें तो गिरफ्तार युवक से पूछताछ में ब्राउन शुगर की सप्लाई और तस्करी के नेटवर्क से जुड़े कई अहम खुलासे किये हैं. इस खुलासे में कई बड़े कारोबारी के नाम का जिक्र भी किया है. एनसीबी की टीम आरोपी से पूछताछ कर रही है और उससे मिली जानकारी के आधार पर आगे की कार्रवाई में जुटी है. जांच एजेंसी अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचने के लिए जांच कर रही है.
जोरी इलाके में एनसीबी की इस गोपनीय कार्रवाई की चर्चा काफी देर तक होती रही. स्थानीय लोग भी हैरान थे कि आखिर इतनी गोपनीय तरीके से टीम आई और युवक को गिरफ्तार कर सीधे रांची लेकर चली गई. बाद में मामला ब्राउन शुगर तस्करी के खिलाफ एनसीबी की कार्रवाई से जुड़ा होने की जानकारी सामने आई.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.


