Search

 
 
 

पलामू में NEET परीक्षा शाम 7 बजे हुई दोबारा, परीक्षा माध्यम बना कारण

जिले के मेदिनीनगर स्थित योध सिंह नामधारी महिला कॉलेज परीक्षा केंद्र पर रविवार को आयोजित NEET परीक्षा के दौरान बड़ी लापरवाही सामने आई. यहां हिंदी माध्यम के छात्रों को हिंदी की जगह अंग्रेजी में प्रश्नपत्र दे दिया गया, जिसके बाद परीक्षार्थियों ने विरोध जताया और केंद्र पर हंगामे जैसी स्थिति बन गई.
 

Palamu: जिले के मेदिनीनगर स्थित योध सिंह नामधारी महिला कॉलेज परीक्षा केंद्र पर रविवार को आयोजित NEET परीक्षा के दौरान बड़ी लापरवाही सामने आई. यहां हिंदी माध्यम के छात्रों को हिंदी की जगह अंग्रेजी में प्रश्नपत्र दे दिया गया, जिसके बाद परीक्षार्थियों ने विरोध जताया और केंद्र पर हंगामे जैसी स्थिति बन गई.

 

जानकारी के अनुसार परीक्षा का निर्धारित समय दोपहर 2 बजे से शाम 5बजे तक था. परीक्षा शुरू होने के एक घंटे  बाद हिंदी माध्यम के 48 छात्रों को प्रश्न-पत्र नहीं मिला. जिसके बाद छात्रों ने हंगामा करना शुरू कर दिया. आधे घंटे बाद भी प्रश्न-पत्र नहीं मिलने पर छात्रों ने आपत्ति जताई और परीक्षा केंद्र से बाहर निकलने लगे.

 

मामले की सूचना मिलने के बाद जिला प्रशासन और परीक्षा प्रबंधन की टीम मौके पर पहुंची. नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) की गाइडलाइन के अनुसार आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद देर शाम लगभग 7 बजे परीक्षा दोबारा शुरू कराई गई. इस दौरान परीक्षा केंद्र के बाहर मौजूद अभिभावकों ने बताया कि उनके बच्चे दोपहर 12 बजे से ही केंद्र के अंदर मौजूद थे, जिससे वे काफी परेशान रहे. हालांकि अन्य 3 केंद्रों पर परीक्षा शांतिपूर्वक संपन्न हुई.

 

परीक्षा में देरी की वजह से जिला प्रशासन की ओर से परीक्षार्थियों के लिए नाश्ता उपलब्ध कराया गया. घटना की जानकारी मिलने के बाद पलामू डीसी दिलीप प्रताप सिंह शेखावत, एसपी कपिल चौधरी समेत कई वरीय पदाधिकारी परीक्षा केंद्र पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली. अधिकारियों ने केंद्र की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए स्थिति को सामान्य कराया.

 

सदर एसडीएम सुलोचना मीणा ने बताया कि हिंदी माध्यम के छात्रों को गलती से अंग्रेजी प्रश्नपत्र उपलब्ध करा दिया गया था. NTA के निर्देशानुसार परीक्षा दोबारा शुरू कराई गई है और सभी छात्र शांतिपूर्ण तरीके से परीक्षा दिया.

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

 

 

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही