Search

 
 
 

धनबाद एयरपोर्ट निर्माण के लिए राज्य सरकार करेगी केंद्र से पत्राचार

लंबे समय से अधर में लटकी धनबाद एयरपोर्ट निर्माण को लेकर अब राज्य सरकार जल्द ही केंद्र सरकार को चिट्ठी लिखेगी, ताकि एयरपोर्ट निर्माण की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जा सके. यह बातें निरसा विधायक अरूप चटर्जी ने रविवार को सर्किट हाउस में कही.
 

Dhanbad: लंबे समय से अधर में लटकी धनबाद एयरपोर्ट निर्माण को लेकर अब राज्य सरकार जल्द ही केंद्र सरकार को चिट्ठी लिखेगी, ताकि एयरपोर्ट निर्माण की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जा सके. यह बातें निरसा विधायक अरूप चटर्जी ने रविवार को सर्किट हाउस में कही. उन्होंने कहा कि इस मुद्दे को लेकर वे 7 मई को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात करेंगे.


उन्होंने उम्मीद जताई कि अगले एक महीने के भीतर राज्य सरकार की ओर से धनबाद उपायुक्त को पत्र भेजा जाएगा. जिसके बाद जमीन चिन्हित करने की प्रक्रिया में तेजी आएगी. विधायक ने बताया कि एयरपोर्ट के लिए शुरुआती चरण में करीब 110 एकड़ जमीन की आवश्यकता होगी और इसके लिए तोपचांची क्षेत्र को प्राथमिकता दी जा रही है. उन्होंने कहा कि भौगोलिक स्थिति और पर्यटन की संभावनाओं को देखते हुए यह क्षेत्र एयरपोर्ट निर्माण के लिए उपयुक्त माना जा रहा है.

 


धनबाद में एयरपोर्ट की मांग को लेकर मिशन एयरपोर्ट धनबाद लगातार सक्रिय है. इसी क्रम में संगठन और GITA के पदाधिकारियों ने सर्किट हाउस में विधायक को ज्ञापन सौंपा और एयरपोर्ट निर्माण को गति देने की मांग की. मिशन एयरपोर्ट के उपाध्यक्ष उदय प्रताप सिंह ने बताया कि इस मांग के समर्थन में व्यापक हस्ताक्षर अभियान चलाया जा रहा है. 


अब तक करीब 10 हजार लोगों के हस्ताक्षर जुटाए जा चुके हैं और लक्ष्य 12 लाख हस्ताक्षर का है, जिसे वे एक विश्व रिकॉर्ड के रूप में स्थापित करना चाहते हैं. संगठन के कोषाध्यक्ष सोमनाथ प्रूथी ने कहा कि एयरपोर्ट निर्माण के लिए सभी राजनीतिक दल एनडीए और यूपीए के नेताओं को भी ज्ञापन सौंपा जाएगा, ताकि इस मुद्दे पर व्यापक सहमति बन सके. 


बता दें कि धनबाद में एयरपोर्ट निर्माण की मांग लंबे समय से उठती रही है. अब राज्य सरकार के केंद्र से पत्राचार के संकेत के बाद यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि इस परियोजना को कब तक जमीन पर उतारा जाता है. इस मौके पर पूजा रत्नाकर, सम्राट चौधरी, अजय मुखर्जी, अभिनाश पांडे, राकेश आनंद बिट्टू समेत मिशन एयरपोर्ट के कई सदस्य मौजूद रहे.

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

 

 

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही