- संवेदनशील इलाकों में बढ़ाई गई निगरानी
- देर रात 40 छात्रों को हिरासत में लिया गया
Lagatar Desk : नीट पेपर लीक मामले को लेकर पटना में हुए उग्र प्रदर्शन के बाद बिहार पुलिस अलर्ट पर है. पूरे राज्य में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है. देर शाम पुलिस मुख्यालय में आयोजित समीक्षा बैठक के बाद सभी जिलों को हाई अलर्ट पर रखा गया है.
पुलिस मुख्यालय ने भी सभी जिलों के एसपी को विशेष सतर्कता बरतने और कानून-व्यवस्था पर नजर रखने को कहा गया है. अधिकारियों को संवेदनशील इलाकों पर विशेष नजर रखने और किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पूरी तैयारी रखने के भी निर्देश दिए गए हैं.
झड़प व पथराव में कई पुलिसकर्मी घायल
बता दें कि 22 जुलाई को पटना में आइसा के नेतृत्व में नीट पेपर लीक सहित अन्य मुद्दे को लेकर जेपी गोलंबर के पास शांतिपूर्ण प्रदर्शन चल रहा था. लेकिन पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की, जिससे छात्र आक्रोशित हो गए और राजभवन घेरने के लिए डाकबंगला चौराहे की ओर बढ़ने लगे.
इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की हुई, जिससे स्थिति बिगड़ गई. पुलिस ने हालात को काबू में करने के लिए लाठीचार्ज किया, जिससे प्रदर्शनकारी और आक्रोशित हो गए. साथ ही आंसू गैस के गोले छोड़े और वाटर कैनन का भी इस्तेमाल किया.
आरोप है कि कुछ प्रदर्शनकारियों ने पुलिस वाहनों में तोड़फोड़ की और पुलिस बल पर पथराव किया, जिससे डाकबंगला से सचिवालय तक के इलाके में कुछ समय के लिए अफरातफरी का माहौल रहा.
पथराव में गांधी मैदान थानाध्यक्ष अखिलेश कुमार मिश्र के सिर में चोट आई. उपद्रव के दौरान कोतवाली थाना की तीन पुलिस गाड़ियों और आईजी की स्कॉट वाहन को भी नुकसान पहुंचा. वहीं डाकबंगला चौराहे पर बैरिकेड गिरने से आईजी जितेंद्र राणा के बाएं पैर में चोट लगी.
देर रात 40 छात्रों को हिरासत में लिया
प्रदर्शन के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए देर रात 40 छात्रों को हिरासत में लिया. इनमें 38 छात्र और दो छात्राएं शामिल हैं. सभी को कोतवाली थाना ले जाया गया. सूचना मिलने पर उनके परिजन भी थाने पहुंचे. कुछ परिवारों का कहना है कि उनके बच्चे प्रदर्शन में शामिल नहीं थे, बल्कि बाजार से सामान लेने निकले थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें भी पकड़ लिया.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें


Leave a Comment