Search

 
 
 

धनबाद में शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई NEET-UG परीक्षा, छात्रों ने जताई अच्छे परिणाम की उम्मीद

देश की सबसे बड़ी मेडिकल प्रवेश परीक्षा NEET-UG रविवार (3 मई) को धनबाद जिले में शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित माहौल में संपन्न हो गई. जिले के सात प्रमुख परीक्षा केंद्रों आईआईटी - आईएसएम धनबाद, विनोद बिहारी महतो कोलांचल विश्वविद्यालय, बीआईटी सिंदरी, एसएसएलएनटी महिला कॉलेज, आरएस मोर कॉलेज गोविंदपुर, डिग्री कॉलेज जामाडोबा और केंद्रीय विद्यालय पर आयोजित इस परीक्षा में हजारों परीक्षार्थी शामिल हुए.
 

Dhanbad: देश की सबसे बड़ी मेडिकल प्रवेश परीक्षा NEET-UG रविवार (3 मई) को धनबाद जिले में शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित माहौल में संपन्न हो गई. जिले के सात प्रमुख परीक्षा केंद्रों आईआईटी - आईएसएम धनबाद, विनोद बिहारी महतो कोलांचल विश्वविद्यालय, बीआईटी सिंदरी, एसएसएलएनटी महिला कॉलेज, आरएस मोर कॉलेज गोविंदपुर, डिग्री कॉलेज जामाडोबा और केंद्रीय विद्यालय पर आयोजित इस परीक्षा में हजारों परीक्षार्थी शामिल हुए.

 

जिला प्रशासन की ओर से परीक्षा को लेकर व्यापक तैयारियां की गई थीं. परीक्षा समाप्त होने के बाद केंद्रों के बाहर छात्रों के चेहरों पर संतोष और उम्मीद साफ झलक रही थी. अधिकांश परीक्षार्थियों ने पेपर के स्तर को संतुलित बताया और अच्छे अंक की उम्मीद जताई.

 

परीक्षार्थी अर्पिता ने बताया कि फिजिक्स के कुछ सवाल थोड़े कठिन और घुमावदार थे लेकिन कुल मिलाकर पेपर अच्छा रहा. वहीं अन्य छात्रों ने कहा कि बायोलॉजी और केमिस्ट्री के प्रश्न अपेक्षाकृत आसान और समझने योग्य थे जिससे उन्हें राहत मिली.

 

वहीं उपायुक्त आदित्य रंजन ने बताया कि पूरे जिले में परीक्षा पूरी तरह शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और कदाचार-मुक्त वातावरण में संपन्न हुई. किसी भी परीक्षा केंद्र या कंट्रोल रूम में कोई शिकायत दर्ज नहीं की गई. उन्होंने कहा आयोग के दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन करते हुए सभी परीक्षा केंद्रों तक प्रश्नपत्र समय पर पहुंचाए गए. केंद्रों पर अभ्यर्थियों की सघन जांच और पहचान पत्र सत्यापन के बाद ही प्रवेश दिया गया. 


उन्होंने बताया कि परीक्षा के दौरान जिला स्तर पर बनाया गया कंट्रोल रूम पूरी तरह सक्रिय रहा. साथ ही स्टैटिक दंडाधिकारी, उड़नदस्ता दंडाधिकारी, जोनल मजिस्ट्रेट और पुलिस पदाधिकारी अपने-अपने स्थानों पर मुस्तैद रहे. विधि-व्यवस्था बनाए रखने में अनुमंडल दंडाधिकारी लोकेश बारंगे, नोडल एडीएम (लॉ एंड ऑर्डर) हेमा प्रसाद और सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव की विशेष भूमिका रही जिन्होंने लगातार स्थिति पर नजर बनाए रखी. 


सभी केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, डायल 112 और कंट्रोल रूम को सक्रिय रखना तथा प्रवेश से पहले कड़ी जांच जैसे कदमों के कारण परीक्षा बिना किसी बाधा के सफलतापूर्वक संपन्न हो सकी. वहीं, शांतिपूर्ण आयोजन के बाद प्रशासन ने भी राहत की सांस ली है. छात्र अब अपने परिणाम को लेकर आशान्वित नजर आ रहे हैं.

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

 

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही