- रूपा और प्रियंका ने भी दिखाया दम खम
Latehar : लातेहार की बेटियों ने छतीसगढ़ में कमाल कर दिखाया है. खेलो इंडिया ट्राइबल्स गेम में महुआडांड़ की नेहा खलखो ने वॉक रेस प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीता है. वहीं रूपा और प्रियंका ने कबड्डी में झारखंड का प्रतिनिधित्व करते हुए शानदार खेल का प्रदर्शन किया है.
10 KM वॉक रेस 1: 04 : 02 में पूरा कर जीता गोल्ड
बता दें कि छत्तीसगढ़ के तीन शहरों में 30 मार्च से दो अप्रैल तक खेलो इंडिया ट्राइबल्स गेम्स के प्रथम एडीशन का आयोजन किया गया. एक अप्रैल को आयोजित इस प्रतियोगिता में महुआडांड़ प्रखंड की कूड़ो ग्राम की नेहा ने 10 किलोमीटर वॉक रेस एक घंटा, चार मिनट और 02 सेकेंड में पूरा कर गोल्ड मैडल हासिल किया.
झारखंड टीम कोच एवं लातेहार जिला एथलेटिक्स संघ की सचिव अनूभा खाखा ने कहा कि नेहा ने अपने प्रदर्शन से झारखंड और लातेहार जिला का नाम रौशन किया है. उन्होने बताया कि नेहा पिछले पांच वर्षों से इस प्रतियोगिता की तैयारियों में जुटी थी और बोकारो प्रशक्षिण केद्र में अभ्यास कर रही थी.
अनूभा ने कहा कि नेहा का परिश्रम आज रंग लाया है. उसने गोल्ड मैडल जीत कर यह साबित कर दिया कि ग्रामीण परिवेश में रहने वाली लड़कियां भी किसी से कम नहीं है. नेहा के इस सफलता पर जिला में हर्ष है.
जिला खेल पदाधिकारी अनिवेश त्रिपाठी व एथलेटिक संघ के अध्यक्ष रॉबर्ट मिंज, उपाध्यक्ष सुशांत उज्जवल कुजूर, उपाध्यक्ष तनवीर अहमद, माहताब आलम, अमित रंजना मिंज, सरिता एक्का सहित अन्य खेल प्रेमियों और पदाधिकारियों ने नेहा ने हर्ष जताया है.
रूपा व प्रियंका ने भी किया शानदार प्रदर्शन
प्रथम खेलो इंडिया ट्राइबल्स गेम्स में झारखंड की कबड्डी टीम ने भी शानदार प्रदर्शन किया. इस प्रतियोगिता में झारखंड की महिला टीम दूसरे स्थान पर रही. जबकि पुरूषों की टीम तीसरे स्थान पर रही. महिला टीम में लातेहार की रूपा कुमारी व प्रियंका कुमारी ने झारखंड का प्रतिनिधित्व कर शानदार प्रदर्शन किया.
लातेहार जिला कबड्डी एसोसिएशन के मुख्य कोच कृष्ण यादव ( राष्ट्रीय कोच व आफिसियल) ने रूपा व प्रियंका की इस उपलब्धि पर उन्हें बधाई दिया है. उन्होंने बताया कि भारत सरकार ने खेलो इंडिया कार्यक्रम की सफलता व लोकप्रियता के लिए पहली बार छत्तीसगढ़ के तीन शहर रायपुर, जगदलपुर व सरगुजा में खेलो इंडिया ट्राइबल्स गेम का आयोजन किया.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें


Leave a Comment