Ranchi News : 32वें चरणजीत राय नेहरू गर्ल्स हॉकी टूर्नामेंट (अंडर-17) में झारखंड की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सेमीफाइनल में जगह बना ली है. 16 अक्टूबर को दिल्ली के शिवाजी स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में सीएम एक्सीलेंस गर्ल्स स्कूल, सिमडेगा की टीम ने मध्य प्रदेश विमेन हॉकी अकादमी, ग्वालियर को 3-1 गोल से हराया. प्रतियोगिता का आयोजन 9 से 19 अक्टूबर तक किया जा रहा है.
इसे भी पढ़ें...
मैच में झारखंड के खिलाड़ियों ने शुरू से ही आक्रामक खेल दिखाया और विपक्षी टीम पर दबाव बनाए रखा. झारखंड की ओर से सानिया तिर्की ने 21वें मिनट, रेजिना कुल्लू ने 40वें मिनट और महिमा कुल्लू ने 55वें मिनट में गोल किया. खिलाड़ियों के बेहतर तालमेल और शानदार प्रदर्शन के दम पर झारखंड ने मुकाबला 3-1 से अपने नाम कर लिया.
शानदार प्रदर्शन के लिए झारखंड की रेजिना कुल्लू को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया. उन्हें शाहाबाद हॉकी टीम की कोच गुरमेल कौर ने फ्लैश हॉकी की ओर से सम्मानित किया.
झारखंड टीम के साथ कोच अभिषेक साहू और आरती बड़ाईक, मैनेजर एमा बारा और फिजियोथेरेपिस्ट निशु डुड्डी सहयोगी दल के रूप में मौजूद हैं.
झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद के राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी धीरसेन ए. सोरेंग और राज्य खेल कोषांग के सदस्यों ने टीम की जीत पर खुशी जताते हुए खिलाड़ियों को बधाई दी. उन्होंने उम्मीद जताई कि झारखंड की बेटियां सेमीफाइनल में भी शानदार प्रदर्शन कर राज्य का नाम रोशन करेंगी.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

