Ranchi News: बीते 31 अक्टूबर को झारखंड प्रदेश वैश्य मोर्चा ने अपना 8वां स्थापना दिवस मनाया थी. जिसके बाद अब केंद्रीय समिति के अध्यक्ष महेश्वर साहू ने प्रेस कॉन्फ्रेंस करके पुरानी कमेटी को भंग कर नई केंद्रीय कमेटी के गठन की घोषणा की. नई कमेटी में कुल 71 लोगों को शामिल किया गया है, जबकि चार पद फिलहाल रिक्त रखे गए हैं.
महेश्वर साहू ने बताया कि कार्यकारी अध्यक्ष की जिम्मेदारी हीरानाथ साहू को दी गई है. वहीं हलधर साहू और दिवाकर साहू को वरीय उपाध्यक्ष बनाया गया है. आलोक कुमार समेत अन्य लोगों को भी केंद्रीय कमेटी में जगह दी गई है. अवध बिहारी साहू को केंद्रीय उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है.
उन्होंने बताया कि आगामी 3 दिसंबर को सलाहकार समिति और विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों की घोषणा की जाएगी. वहीं 20 दिसंबर को नई केंद्रीय कमेटी का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित होगा.
40 प्रतिशत आबादी के बावजूद वैश्य समाज की उपेक्षा का आरोप
प्रेस कॉन्फ्रेंस में महेश्वर साहू ने कहा कि वैश्य समाज की आबादी करीब 40 प्रतिशत होने के बावजूद राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर समाज को उचित भागीदारी नहीं मिल रही है. अलग झारखंड राज्य के गठन में वैश्य समाज ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है. समाज के लोग टैक्स देकर राज्य के विकास में योगदान देते हैं, लेकिन 26 वर्ष बाद भी अपनी मांगों को लेकर विरोध-प्रदर्शन करना पड़ रहा है.
उन्होंने कहा कि सभी राजनीतिक दल पिछड़े समुदायों को 27 प्रतिशत आरक्षण देने का आश्वासन देते रहे हैं, लेकिन अब तक मांगों पर ठोस पहल नहीं हुई है. वैश्य समाज की आबादी के अनुपात में आयोग का गठन किया जाना चाहिए, ताकि समाज की समस्याओं और अधिकारों पर गंभीरता से विचार हो सके.
इसे भी पढ़ें -
विधानसभा का विशेष सत्र बुलाने की मांग
महेश्वर साहू ने बिहार और झारखंड में पिछले 26 वर्षों के दौरान हुई बहालियों को लेकर भी सवाल उठाए. उन्होंने आरोप लगाया कि करीब 7 से 8 लाख नियुक्तियों में वैश्य समाज के युवाओं को नौकरियों में भी औसत से कम प्राथमिकता दी गई. उन्होंने बताया कि विधानसभा के विशेष सत्र में वैश्य समुदाय की समस्याओं और अधिकारों पर चर्चा के लिए भी विशेष सत्र आयोजित किया जाना चाहिए. उन्होंने राजनीतिक दलों से समाज की मांगों को गंभीरता से लेने और उचित प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करने की अपील की.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

