Dhanbad: झरिया के पाथरडीह थाना क्षेत्र में चासनाला सेल वाशरी के एक कर्मी को बोलेरो से टक्कर मारने का मामला अब सड़क दुर्घटना से आगे बढ़कर कथित जानलेवा हमले में बदल गया है. पहले इसे सामान्य सड़क हादसा माना जा रहा था लेकिन घायल के होश में आने के बाद दिए गए बयान और सामने आए सीसीटीवी फुटेज ने मामले को नया मोड़ दे दिया है. पीड़ित पक्ष ने इसे पूर्व नियोजित साजिश बताते हुए नामजद शिकायत दर्ज कराई है. गंभीर रूप से घायल कर्मी का इलाज रांची के मेदांता अस्पताल में चल रहा है.

सड़क दुर्घटना का सीसीटीवी फुटेज
जानकारी के अनुसार भोजूडीह के इस्लामपुर निवासी आसिफ जावेद चासनाला सेल वाशरी में कार्यरत हैं. 24 जुलाई की दोपहर नमाज अदा करने के बाद ड्यूटी के लिए निकले थे. शाम में परिजनों को सूचना मिली कि वे सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गए हैं. पहले उन्हें सेल अस्पताल ले जाया गया जहां से बेहतर इलाज के लिए बोकारो जनरल अस्पताल रेफर किया गया. हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें रांची के मेदांता अस्पताल भेज दिया.
इसे भी पढ़ें:
घटना उस समय नया मोड़ लिया जब इलाज के दौरान आसिफ जावेद को होश आया. परिजनों के अनुसार उन्होंने बताया कि यह कोई सामान्य दुर्घटना नहीं थी बल्कि बीरेंद्र महतो और उसके एक साथी ने जानबूझकर बोलेरो से टक्कर मारकर उन्हें कुचलने की कोशिश की.
इसी बीच घटना का एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है जिसमें बोलेरो की टक्कर की घटना कैद होने का दावा किया जा रहा है. पीड़ित पक्ष का आरोप है कि पूरी वारदात सुनियोजित थी और आरोपियों ने जान से मारने की नीयत से हमला किया.
घायल की पत्नी हाजरा खातून ने पाथरडीह थाना में नामजद शिकायत दर्ज कराते हुए आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है. उन्होंने बताया कि पति के मोबाइल से सूचना मिलने के बाद वे अस्पताल पहुंचीं जहां उनकी हालत बेहद गंभीर थी. होश में आने पर पति ने इशारों और बातचीत के जरिए कथित आरोपियों के नाम बताए.
फिलहाल पाथरडीह थाना पुलिस शिकायत, घायल के बयान और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की जांच कर रही है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.


Leave a Comment