Ranchi: लोजपा विधायक जनार्दन पासवान के बेटे सौरभ के कथित अपहरण के मामले में पुलिस की जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, घटनाक्रम को लेकर नई बातें सामने आ रही है. प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि मामला अपहरण का न होकर दोस्तों के बीच हुए विवाद और धमकी से जुड़ा हो सकता है.
इसे भी पढ़ें:
जांच के अनुसार, घटना से पहले सौरभ अपने कुछ दोस्तों के साथ एमिटी कॉलेज परिसर में मौजूद था. इसी दौरान कथित तौर पर नशे का सेवन करने और एक व्यक्ति को फोन कर धमकी दिए जाने की बात सामने आई है. धमकी भरा फोन मिलने के बाद संबंधित व्यक्ति मौके पर पहुंचा, जिसके बाद सौरभ और उसके साथ मौजूद युवकों के साथ विवाद शुरू हो गया.
पुलिस जांच में यह भी जानकारी सामने आई है कि विवाद के दौरान सौरभ और उसके साथियों की ओर से गाड़ी में तोड़फोड़ करने का प्रयास किया गया. इसी घटनाक्रम के बाद मामले को कथित अपहरण का रूप दिए जाने की आशंका जताई जा रही है. हालांकि पुलिस अभी पूरे मामले की पुष्टि के लिए सभी पहलुओं की जांच कर रही है.
घटना की सच्चाई सामने लाने के लिए पुलिस ने आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है. सौरभ के साथ मौजूद दोस्तों से पूछताछ की जा रही है. इसके अलावा मोबाइल की कॉल डिटेल्स, घटना के समय हुई बातचीत और धमकी भरे फोन की भी जांच की जा रही है.
पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि फोन पर धमकी किस व्यक्ति को दी गई थी, वह मौके पर क्यों पहुंचा और उसके बाद वास्तव में क्या हुआ. जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि सौरभ के साथ अपहरण जैसी कोई घटना हुई थी या फिर विवाद के बाद पूरे मामले को अलग रूप दिया गया.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

