Search

चाईबासा नगर परिषद के नवनिर्वाचित अध्यक्ष नितिन प्रकाश का झारखंड चैंबर में अभिनंदन

Ranchi : फेडरेशन ऑफ झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज द्वारा आज चैंबर भवन में चाईबासा नगर परिषद् के नवनिर्वाचित अध्यक्ष नितिन प्रकाश का भव्य अभिनंदन किया गया. 

 

इस अवसर पर चाईबासा शहर के व्यापारिक विकास एवं आधारभूत संरचना को सुदृढ़ बनाने से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई.

 

बैठक के दौरान स्वच्छता व्यवस्था, पार्किंग समस्या, स्ट्रीट लाइट, जल निकासी, बाजार क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को सुव्यवस्थित करने तथा व्यापारिक गतिविधियों को प्रोत्साहित करने जैसे विषयों पर विचार-विमर्श हुआ.

 

चैम्बर पदाधिकारियों ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष को उनके निर्वाचन पर बधाई देते हुए विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में नगर परिषद् व्यापारियों एवं आम नागरिकों की समस्याओं के समाधान के लिए ठोस पहल करेगी.

 

नवनिर्वाचित अध्यक्ष नितिन प्रकाश ने आश्वस्त किया कि नगर परिषद् व्यापारिक हितों की रक्षा तथा शहर के समग्र विकास के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है.

 

उन्होंने कहा कि नगर परिषद् एवं व्यापारिक संगठनों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर चाईबासा को स्वच्छ, सुव्यवस्थित एवं आधुनिक नगर के रूप में विकसित किया जाएगा. उन्होंने यह भी कहा कि व्यापारियों को जहां भी आवश्यकता होगी, वे सदैव उपलब्ध रहेंगे तथा समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए तत्पर रहेंगे.

 

चैंबर अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा ने कहा कि चाईबासा नगर परिषद् के साथ समन्वय स्थापित कर व्यापारियों की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा. उन्होंने दोहराया कि झारखंड चैंबर विकासात्मक कार्यों में सदैव सहयोगी की भूमिका निभाता रहेगा.

 

चैंबर के पूर्व अध्यक्ष किशोर मंत्री ने अपने अध्यक्षीय कार्यकाल के दौरान कोल्हान प्रमंडल के तत्कालीन क्षेत्रीय उपाध्यक्ष के रूप में नितिन प्रकाश द्वारा किए गए कार्यों की सराहना की और विश्वास व्यक्त किया कि उनके अनुभव एवं सक्रियता से नगर परिषद् के कार्यों में सकारात्मक परिणाम देखने को मिलेंगे.

 

इस अवसर पर चैंबर के उपाध्यक्ष प्रवीण लोहिया, महासचिव रोहित अग्रवाल, सह सचिव रोहित पोद्दार, कार्यकारिणी सदस्य मुकेश अग्रवाल सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे.

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments

Leave a Comment

Follow us on WhatsApp