Sports News : युवा स्टार बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी, महिला विश्व कप विजेता कप्तान हरमनप्रीत कौर, ओलंपिक पदक विजेता लवलीना बोरगोहेन और मीराबाई चानू सहित भारत के नौ दिग्गज खिलाड़ियों को देश के भविष्य को आकार देने वाली हस्तियों की ‘टाइम 100 नेक्स्ट’ भारत सूची में जगह मिली है.
इसे भी पढ़ें...
विश्व चैंपियन शतरंज खिलाड़ी डी गुकेश, महिला 400 मीटर बाधा दौड़ की राष्ट्रीय रिकॉर्डधारक विथ्या रामराज, एशियाई खेलों की स्वर्ण पदक विजेता तीरंदाज कुमकुम मोहोद, भारतीय महिला हॉकी टीम की गोलकीपर सविता पूनिया और पूर्व टेनिस स्टार सानिया मिर्जा भी इस प्रतिष्ठित सूची में शामिल हैं.
इस सूची में देश के भविष्य को आकार देने वाले 100 असाधारण नेताओं और उभरती प्रतिभाओं को जगह दी गई है. टाइम ने पहली बार भारत के लिए यह सूची जारी की है.
सूर्यवंशी, चानू और कुमकुम को ‘इनोवेटर्स’ श्रेणी में रखा गया है जबकि बोरगोहेन, गुकेश और विथ्या को ‘फिनॉम्स’ श्रेणी में जगह मिली है. सविता को ‘लीडर्स’ तथा सानिया और हरमनप्रीत को ‘एडवोकेट्स’ श्रेणी में शामिल किया गया है.
15 साल के सूर्यवंशी की उपलब्धियां
पंद्रह वर्षीय सूर्यवंशी ने अपने छोटे से क्रिकेट करियर में कई उपलब्धियां हासिल की हैं. हाल ही में वह सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के एक मुकाबले में बिहार की कप्तानी करते हुए शीर्ष स्तर के पुरुष टी20 क्रिकेट के सबसे युवा कप्तान बने.
जुलाई में इंग्लैंड के खिलाफ टी20 अंतरराष्ट्रीय पदार्पण करते हुए भारत के सबसे युवा पुरुष अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर बनने का गौरव भी वैभव ने हासिल किया है.
सूर्यवंशी ने 2025 में 14 साल की उम्र में राजस्थान रॉयल्स के लिए आईपीएल में पदार्पण किया और इस टूर्नामेंट के इतिहास के सबसे युवा खिलाड़ी बने. इसके बाद उन्होंने कई रिकॉर्ड अपने नाम किए.
सूर्यवंशी ने 2025 आईपीएल में गुजरात टाइटंस के खिलाफ शतक लगाकर पुरुष टी20 क्रिकेट में सबसे कम उम्र में शतक बनाने वाले बल्लेबाज बने. वह 2026 आईपीएल में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज भी रहे.
हरमनप्रीत और मीराबाई चानू का सफर
सैंतीस वर्षीय हरमनप्रीत टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में शतक लगाने वाली पहली भारतीय महिला क्रिकेटर हैं. उन्होंने मुंबई इंडियंस को 2023 और 2025 में महिला प्रीमियर लीग के दो खिताब दिलाए. फरवरी में हरमनप्रीत ने सभी प्रारूपों में भारत के लिए अपना 356वां मैच खेला और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सर्वाधिक मैच खेलने वाली महिला खिलाड़ी बनीं. नवंबर 2025 में उन्होंने भारत को पहली बार महिला विश्व कप का खिताब दिलाकर अपने करियर की सबसे बड़ी उपलब्धि हासिल की.

हरमनप्रीत कौर
मीराबाई चानू टोक्यो ओलंपिक की रजत पदक विजेता और कई उपलब्धियां हासिल कर चुकी भारोत्तोलक हैं. 32 वर्षीय चानू के नाम विश्व चैंपियनशिप में एक स्वर्ण और दो रजत पदक के अलावा राष्ट्रमंडल खेलों में तीन स्वर्ण और एक रजत पदक है. उन्होंने इस साल जापान के आइची-नागोया में रजत पदक जीतकर एशियाई खेलों में अपना पहला पदक हासिल किया.
मुक्केबाज लवलीना और शतरंज के सितारे गुकेश
मुक्केबाज लवलीना ने टोक्यो ओलंपिक में कांस्य पदक जीता था और इसके बाद 2023 में विश्व चैंपियन बनीं. हांगझोउ एशियाई खेलों में 2023 में रजत पदक जीतने वाली 29 वर्षीय लवलीना ने इस साल आइची-नागोया एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक हासिल किया.
बीस वर्षीय गुकेश मौजूदा विश्व शतरंज चैंपियन हैं और इस महीने के अंत में उज्बेकिस्तान के जावोखिर सिंदारोव के खिलाफ अपने खिताब का बचाव करेंगे.
जबकि महिला टेनिस में नई राह बनाने वाली 40 वर्षीय सानिया ने छह ग्रैंडस्लैम खिताब जीते हैं. इनमें तीन महिला युगल और तीन मिश्रित युगल खिताब शामिल हैं.

मीराबाई चानू
विथ्या (28 वर्ष) ने सितंबर में जापान में हुए एशियाई खेलों में कांस्य पदक जीतने के दौरान महिला 400 मीटर बाधा दौड़ में महान धाविका पीटी उषा का 42 साल पुराना राष्ट्रीय रिकॉर्ड तोड़ा था.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

