Search

 
 
 

नीतीश कुमार पटना के गांधी मैदान में आज 10वीं बार लेंगे मुख्यमंत्री पद की शपथ, मंत्रियों की लिस्ट तय!

नीतीश कैबिनेट में किस पार्टी से कौन-कौन नेता मंत्री पद की शपथ लेंगे, इस पर भी मोहर लग चुकी है.  सूत्रों की मानें तो बीजेपी कोटे से से मंगल पांडे, नितिन नवीन, रेणु देवी, संजय सरावगी, रमा निषाद और कृष्ण कुमार ऋषि का नाम मंत्री की लिस्ट में फाइनल है.
 

Patna :  बिहार की राजनीति में गुरुवार का दिन काफी खास होने वाला है. बिहार चुनाव में एनडीए की प्रचंड जीत के बाद आज नीतीश कुमार के नेतृत्व में नई सरकार का गठन होगा. पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में आज 11.30 बजे नीतीश कुमार 10वीं बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे. उनके साथ सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा भी दोबारा नीतीश सरकार में डिप्टी सीएम पद की शपथ लेंगे.  शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह समेत कई बड़े नेताओं के शामिल होने की संभावना है.

मंत्रियों की लिस्ट फाइनल, नीतीश के साथ लेंगे शपथ

नीतीश कैबिनेट में किस पार्टी से कौन-कौन नेता मंत्री पद की शपथ लेंगे, इस पर भी मोहर लग चुकी है.  सूत्रों की मानें तो बीजेपी कोटे से से मंगल पांडे, नितिन नवीन, रेणु देवी, संजय सरावगी, रमा निषाद और कृष्ण कुमार ऋषि का नाम मंत्री की लिस्ट में फाइनल है. वहीं जेडीयू कोटे से विजय कुमार चौधरी, बिजेंद्र प्रसाद यादव, श्रवण कुमार, अशोक चौधरी, लेसी सिंह और जमा खान का मंत्री बनना लगभग तय माना जा रहा है. चिराग पासवान की अगुवाई वाली लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) की बात करें तो प्रदेश अध्यक्ष राजू तिवारी मंत्री पद की शपथ ले सकते हैं. 

 

जानें नीतीश ने कब-कब ली थी सीएम पद की शपथ

बिहार की राजनीति में सबसे लंबे समय तक मुख्यमंत्री रहने का रिकॉर्ड नीतीश कुमार के नाम है. करीब दो दशकों के इस सफर में वे अब तक नौ बार राज्य की कमान संभाल चुके हैं. इसमें उनका वह बेहद छोटा, मात्र सात दिनों का कार्यकाल भी शामिल है.

 

- मार्च 2000 में उन्होंने पहली बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी, पर बहुमत साबित न कर पाने के कारण जल्द ही पद छोड़ना पड़ा था.

 

- इसके बाद 24 नवंबर 2005 को उन्होंने दूसरी बार मुख्यमंत्री पद संभाला और बीजेपी के साथ मिलकर सरकार चलाई.

 

- 26 नवंबर 2010 को वे फिर से सत्ता में लौटे और तीसरी बार राज्य के मुख्यमंत्री बने. इस दौरान भी जेडीयू–बीजेपी गठबंधन सत्ता में रहा.

 

- चौथी पारी 20 नवंबर 2015 से शुरू हुई, जब पटना के गांधी मैदान में उन्हें महागठबंधन की जीत के बाद मुख्यमंत्री पद की शपथ दिलाई गई. उस समय जेडीयू, आरजेडी और कांग्रेस मिलकर सरकार चला रहे थे.

 

- 27 जुलाई 2017 को राजनीतिक समीकरण फिर बदले और राज्यपाल केशरी नाथ त्रिपाठी ने नीतीश कुमार को एक बार फिर मुख्यमंत्री पद की शपथ दिलाई. इस तरह उन्होंने दो वर्षों में दो बार मुख्यमंत्री पद संभाला. पहले महागठबंधन के साथ और फिर गठबंधन तोड़कर एनडीए में लौटकर.

 

- 16 नवंबर 2020 को राज्यपाल फागू चौहान ने उन्हें सातवीं बार मुख्यमंत्री पद की शपथ दिलवाई.  इस शपथ ग्रहण के दौरान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा भी मौजूद थे.

 

- 10 अगस्त 2022 को नीतीश कुमार ने आठवीं बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ली. इस बार उन्होंने एनडीए से किनारा कर आरजेडी के नेतृत्व वाले महागठबंधन के साथ हाथ मिला लिया था.

 

- 28 जनवरी 2024 को उन्होंने नौवीं बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ली. उसी दिन उन्होंने आरजेडी से नाता तोड़ते हुए फिर से एनडीए का दामन थाम लिया और पटना के राजभवन में शपथ ग्रहण किया.

 

- वहीं 20 नवंबर को नीतीश कुमार 10वीं बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेकर नया रिकॉर्ड बनायेंगे.

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही