Deoghar: श्रावणी मेला में इस बार श्रद्धालुओं को बेहतर मोबाइल और इंटरनेट सुविधा मिलेगी. इसको लेकर सोमवार को समाहरणालय सभागार में उच्च स्तरीय बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया ने की.
इसे भी पढ़ें:
बैठक में सरकारी और निजी टेलीकॉम कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ मेला क्षेत्र में नेटवर्क व्यवस्था को मजबूत बनाने पर विस्तार से चर्चा की गई. उपायुक्त ने कहा कि श्रावणी मेले में देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु देवघर पहुंचते हैं. ऐसे में सुगम संचार व्यवस्था और निर्बाध इंटरनेट कनेक्टिविटी सुनिश्चित करना प्रशासन की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है.

उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की नेटवर्क समस्या का सामना नहीं करना पड़े, इसके लिए अभी से सभी जरूरी तैयारियां पूरी कर ली जाए. बैठक में सभी टेलीकॉम सेवा प्रदाताओं को निर्देश दिया गया कि मेले की शुरुआत से पहले अपने नेटवर्क ढांचे को मजबूत कर लें, ताकि भारी भीड़ के दौरान भी कॉलिंग और इंटरनेट सेवा बाधित न हो.
उपायुक्त ने मेला क्षेत्र के प्रमुख मार्गों, कांवरिया पथ और अधिक भीड़ वाले स्थानों पर अस्थायी मोबाइल टावर स्थापित करने का निर्देश दिया. उन्होंने यह भी कहा कि सभी कंपनियां अपने मौजूदा नेटवर्क की बैंडविड्थ और क्षमता को जल्द से जल्द बढ़ाएं, ताकि श्रद्धालुओं को बेहतर कनेक्टिविटी मिल सके. उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि नेटवर्क सुदृढ़ीकरण के कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी कार्य पूरे करने होंगे.
बैठक में डीपीओ यूआईडी मुकेश कुमार, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी रोहित कुमार विद्यार्थी तथा एयरटेल, जियो, बीएसएनएल और वोडाफोन के अधिकारियों ने भाग लिया. प्रशासन ने उम्मीद जताई है कि इस बार श्रावणी मेले में श्रद्धालुओं को मोबाइल नेटवर्क और इंटरनेट से जुड़ी किसी बड़ी परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.


Leave a Comment